इंदौर-अहमदाबाद राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, 16 मजदूरों की मौत
इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। 1 पिकअप वाहन के पलटने से अब तक 16 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 लोग घायल है। इस हादसे में नयापुरा के एक ही डाबर परिवार के 8 सदस्यों की जान चली गई।
मजदूरी कर लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में करीब 46 मजदूर सवार थे, जो बगगड़ से मजदूरी कर अपने गांव तिरला लौट रहे थे। वाहन में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। जैसे ही पिकअप जिओ पेट्रोल पंप के पास पहुंची, वह अनियंत्रित होकर तीन-चार बार पलटी खा गई।
अस्पताल में मची चीख-पुकार
हादसे के घायलों का उपचार धार जिला अस्पताल और इंदौर में चल रहा है। जिला अस्पताल पहुंचे DIG ने घायलों का हाल जाना और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
DIG ने गिनाईं कमियां
हादसे के बाद ग्रामीण DIG मनोज कुमार सिंह ने घटना स्थ्ल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान NHAI की गंभीर लापरवाही सामने आई है। DIG ने मौके पर मौजूद इंजीनियर को जमकर फटकार लगाते हुए कई तकनीकी खामियां गिनाईं।
NHAI के इंजीनियर की दलील
DIG के सवालों पर NHAI के इंजीनियर ने दलील दी कि हादसे की वजह से इंडिकेटर टूट गए हैं।
हाई लेवल रिपोर्ट होगी तैयार
DIG मनोज कुमार सिंह ने कहा कि रोड सेफ्टी कमेटी की ओर से एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। यह रिपोर्ट NHAI, पुलिस IG, ADG और PTRI को भेजी जाएगी।