वीडियो कॉल पर पत्नी से बात… फिर कॉन्स्टेबल ने खुद को मारी गोली, ग्वालियर में ड्यूटी के दौरान मौत
ग्वालियर में ड्यूटी पर तैनात एक SAF कॉन्स्टेबल ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे सेकेंड बटालियन गेट की बताई जा रही है।मृतक की पहचान छतरपुर के नौगांव निवासी कॉन्स्टेबल कुलदीप अनुरागी (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ देर पहले वह पत्नी और परिवार से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। गोली की आवाज सुनते ही साथी जवान मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ड्यूटी के दौरान चली गोली
जानकारी के मुताबिक कुलदीप अनुरागी की ड्यूटी रात 2 बजे से सुबह 6 बजे तक सेकेंड बटालियन गेट पर लगी थी। सुबह करीब 5 बजे वह परिवार से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रहा था।इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने देखा कि कुलदीप गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा था और पास में उसकी सर्विस राइफल थी। गोली उसके सीने में लगी थी।
पत्नी बोलीं- कोई विवाद नहीं हुआ
मृतक की पत्नी प्रियंका अनुरागी ने बताया कि बातचीत के दौरान किसी तरह का विवाद नहीं हुआ था। उन्होंने सिर्फ इतना पूछा था कि वह घर कब तक आएंगे।प्रियंका के मुताबिक कुलदीप ने कहा था कि “5 बजे तक आ जाऊंगा”, इसके बाद कॉल कट गई। कुछ देर बाद परिवार को घटना की जानकारी मिली।
फोरेंसिक और पुलिस टीम जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। जवान के मोबाइल और कॉल रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी।