ग्वालियर में घूरकर देखने पर गोली मारकर हत्या, पत्नी-बेटे लड़ रहे जिंदगी की जंग
ग्वालियर में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मुरार थाना क्षेत्र के बड़ा गांव खुरैरी में घूरकर देखने की बात पर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने छत पर चढ़कर करीब 20 राउंड फायरिंग कर दी। इस हमले में रमेश उर्फ पप्पू कुशवाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ विवाद
घटना मंगलवार रात करीब 11:30 बजे की है। गोली लगने के बाद रमेश घर की ओर भागा, लेकिन दरवाजे पर ही गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आई पत्नी पुष्पा और दोनों बेटे भी गोलियों की चपेट में आ गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
छत पर चढ़कर की अंधाधुंध फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद दोनों पक्षों में पथराव शुरू हुआ। इसी दौरान आरोपी अनार सिंह, सुखवीर, रामू और राजपाल ने रायफल निकालकर छत से फायरिंग शुरू कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं।इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुरानी रंजिश बनी खूनी टकराव की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवार मूल रूप से भिंड के रहने वाले हैं और करीब 5 साल पहले ग्वालियर में आकर बसे थे। पड़ोसी होने के बावजूद इनके बीच पहले से ही विवाद और रंजिश चल रही थी, जो इस घटना की बड़ी वजह बनी।पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कह रही है।