मध्य प्रदेश

कूनो से गुड न्यूज: चीता गामिनी के 3 नहीं 4 बच्चे, CM डॉ. मोहन यादव ने जताई खुशी

Cheetah Gamini Cubs Kuno: प्रोजेक्ट चीता के तहत कूनो में चीतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। चीतों को लेकर एक और खुशखबरी सामने आई। दक्षिण अफ्रीकी मादा 'चीता गामिनी' ने पिछले 18 फरवरी को जिन शावकों को जन्म दिया था, उसकी संख्या 3 के बजाय 4 है। शुरुआत में गामिनी 3 शावकों के साथ नजर आई थी, लेकिन मॉनिटरिंग टीमों की निगरानी के दौरान उसके कुल 4 शावक सामने आए हैं। 

गामिनी दूसरी बार मां बनी

भारत की धरती पर गामिनी दूसरी बार मां बनी है। इसके पहले नामीबियाई मादा चीता 'आशा' ने भी कूनो में 5 शावकों को जन्म दिया था। इस नए जन्म के साथ, कूनो में चीता पुनर्स्थापन की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। 

मुख्यमंत्री ने जताई खुशी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस नए बच्चे को लेकर खुशी जाहिर की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा - यह उपलब्धि प्रोजेक्ट चीता के अंतर्गत वैज्ञानिक प्रबंधन एवं संरक्षण के प्रति मध्यप्रदेश की प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा भारत में चीता पुनर्स्थापन के प्रयासों को सुदृढ़ करती है।

Cheetah Gamini Cubs Kuno: चारों बच्चे स्वस्थ

केंद्रीय वन एंव पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यागव ने शुक्रवार को अपने X हैंडल पर एक पोस्ट कर जानकारी साझा करते हुए खुशी जताई है। उन्होंने लिखा कि 'कूनो नेशनल पार्क में चीता गामिनी के चौथे शावक के जन्म की जानकारी सामने आई है। फील्ड और वेटरनरी टीमों की सतत निगरानी और मॉनिटरिंग के दौरान यह मादा चीता गामिनी के चौथे शावक की पुष्टि हुई है। चारों बच्चे स्वस्थ हैं।

सिंधिया बोले - गर्व है

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी खुशी जताई। उन्होंने लिखा - 

कुनो से फिर आई खुशखबरी…

श्योपुर (मध्यप्रदेश) स्थित कुनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता ‘गामिनी’ के चौथे शावक के जन्म का सुखद समाचार हम सभी के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। ‘गामिनी’ के चारों शावक स्वस्थ एवं सुरक्षित हैं।

चीतों की संख्या 39

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत में अब चीतों की कुल संख्या बढ़कर 39 हो गई है। इनमें 28 भारत में जन्मे शावक शामिल हैं। कूनो में चीतों की लगातार बढ़ती संख्या को वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक सफलता माना जा रहा है।