भोपाल स्किन क्लीनिक संचालक पर डॉ. अभिनीत गुप्ता पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप,जयपुर की है पीड़िता
राजधानी भोपाल में एक स्किन क्लीनिक संचालक के खिलाफ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पॉइजन एंटी स्किन क्लीनिक के संचालक डॉ. अभिनीत गुप्ता के खिलाफ महिला थाना में FIR दर्ज की गई। पीड़िता जयपुर की रहने वाली है और उसने डॉक्टर पर शादी का झांसा देकर रेप का आरोप लगाया है। केस के बाद डॉक्टर अंडरग्राउंड हो गया है और उसका मोबाइल भी बंद है।
चेन्नई के होटल में भी दुष्कर्म का आरोप
जानकारी के अनुसार, पीड़िता जयपुर से त्वचा रोग का इलाज कराने भोपाल आई थी। इसके बाद डॉक्टर से अच्छे संबंध हो गए। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी डॉक्टर ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत में उसने यह भी बताया कि भोपाल के अलावा चेन्नई के एक होटल में भी आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया।
पीड़िता बोली-डॉक्टर ने ब्लैकमेल भी किया
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे अबॉर्शन पिल दी, जिसके बाद एयरपोर्ट पर उसे ब्लीडिंग हुई। साथ ही आरोपी ने पीड़िता के निजी वीडियो उसके भाई को भेजकर ब्लैकमेल भी किया।
बताते हैं, सात साल पहले 2019 में मुंबई में मॉडलिंग कर रही एक अन्य युवती ने भी इसी डॉक्टर पर रेप का आरोप लगाया था।
कंज्यूमर कोर्ट से डॉक्टर को सजा हो चुकी
पीड़िता ने बताया कि उसने पहले कोलार थाने में शिकायत की थी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। वहीं, आरोपी डॉक्टर को पहले एक अन्य मामले में मरीज से ठगी के आरोप में कंज्यूमर कोर्ट भोपाल द्वारा सजा भी सुनाई जा चुकी है।
बताते हैं महिला थाने में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। फिलहाल महिला थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।