ग्वालियर में आगरा के युवक ने पत्नी को बीच सड़क पर

ग्वालियर में बीच सड़क पत्नी को पीटा, फिर दिया 3 ‘तलाक’

AI इमेज

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आगरा निवासी एक युवक ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर बीच सड़क पर तीन बार ‘तलाक’ बोलकर फरार हो गया। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर गेट की बताई जा रही है।पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामला मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019 के तहत दर्ज किया गया है।

सड़क पर पत्नी को पीटा 

डीडी नगर निवासी 24 वर्षीय समायरा खान ने पुलिस को बताया कि 17 दिसंबर 2025 की रात करीब 9 बजे उसका पति अशमन खान उसके घर पहुंचा और विवाद करने लगा। इसके बाद उसने मारपीट शुरू कर दी।जान बचाने के लिए जब समायरा घर से बाहर भागी तो आरोपी ने उसे डीडी नगर गेट के पास पकड़ लिया और सड़क पर भी मारपीट करता रहा। वहां मौजूद लोगों के सामने उसने पत्नी को पीटा और गुस्से में तीन बार ‘तलाक-तलाक-तलाक’ बोल दिया।

आरोपी बोला- अब कोई रिश्ता नहीं

पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने चिल्लाते हुए कहा कि अब उसका समायरा से कोई संबंध नहीं है और वह उसे अपने साथ नहीं रखेगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।महाराजपुरा थाना पुलिस ने आरोपी अशमन खान के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019 की धारा 4 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

शादी के बाद से करता था प्रताड़ित

समायरा खान ने बताया कि उसकी शादी 10 जून 2025 को आगरा निवासी अशमन खान से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति उसे प्रताड़ित करने लगा था।पीड़िता के अनुसार आरोपी कई बार उसे घर से निकाल चुका था। परेशान होकर वह ग्वालियर के डीडी नगर स्थित बीएसएफ कॉलोनी में किराए के कमरे में रहने लगी थी।

रिश्ता बचाने की कोशिश भी बेकार रही

समायरा ने बताया कि लगातार विवाद के बावजूद उसने रिश्ते को बचाने की कोशिश की, लेकिन पति ने कोई पहल नहीं की। वह न उसे वापस लेने आया और न ही संपर्क किया।हालात बिगड़ने के बाद उसने महाराजपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है।