सावन व्रत में ट्राई करें साबूदाने का डोसा ,आइए जानते हैं इसकी रेसिपी ।
सावन का पवित्र महीना चल रहा है और इस समय बहुत से लोग सोमवार का व्रत करते हैं। व्रत खोलने के बाद फलाहारी के किए साबूदाना सबसे लोकप्रिय व्यंजन है। लेकिन क्या आप भी व्रत में हर बार साबूदाना खिचड़ी खाकर हो गए हैं बोर? इस बार नाश्ते में ट्राई करें साबूदाना डोसा। बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट यह डोसा स्वाद में भी लाजवाब लगता है और इसे व्रत में खाई जाने वाली सामान्य सामग्री से आसानी से बनाया जा सकता है।आइए जानते हैं इसकी रेसिपी ।
साबूदाने का डोसा सामग्री
साबूदाना-1 कप आलू-2 उबले हुए कुट्टू या राजगीरा का आटा-2-3 बड़े चम्मच हरी मिर्च-2 बारीक कटी हुई जीरा-1 छोटा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया-थोड़ा सा सेंधा नमक-स्वादानुसार थोड़ा सा पानी डोसा सेंकने के लिए घी
विधि
सबसे पहले साबूदाने को अच्छी तरह धोकर 4-5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। साबूदाना अच्छी तरह नरम हो जाए तो उसका अतिरिक्त पानी निकाल दें। इसके बाद साबूदाने को हल्का दरदरा पीस लें। अब एक बड़े बर्तन में पिसा हुआ साबूदाना और उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश करके मिलाएं। इसमें कुट्टू या राजगीरा का आटा, हरी मिर्च, जीरा, हरा धनिया और सेंधा नमक डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें और डोसे जैसा घोल तैयार कर लें। ध्यान रखें कि घोल बहुत ज्यादा पतला न हो। अब तवे को अच्छी तरह गर्म करें और उस पर थोड़ा घी लगाएं। गर्म तवे पर साबूदाने का घोल डालकर धीरे-धीरे गोल आकार में फैलाएं। इसे मध्यम आंच पर तब तक सेंकें, जब तक नीचे की तरफ से डोसा सुनहरा और क्रिस्पी न हो जाए। इसके बाद सावधानी से पलटकर दूसरी तरफ से भी सेंक लें। तैयार साबूदाना डोसे को गरमा-गरम ही परोसें। इसके साथ व्रत वाली हरी चटनी, मूंगफली की चटनी या दही का स्वाद लिया जा सकता है। अगर आपको डोसा ज्यादा क्रिस्पी पसंद है, तो घोल को तवे पर बहुत मोटा न फैलाएं और डोसे को मध्यम आंच पर अच्छी तरह पकने दें।
इस तरह साबूदाने से बनी खिचड़ी से हटकर आपको व्रत में एक नया और स्वादिष्ट नाश्ता मिल जाएगा।