मॉनसून के दौरान कपड़े सुखाना एक चुनौती हो सकती है।

बिना धूप-ड्रायर के कपड़े एक दिन में होंगे Dry और नहीं आएगी बदबू ,बारिश में अपनाएं ये ट्रिक्स

बरसात का मौसम अपने साथ ठंडी हवाएं, मिट्टी की सौंधी खुशबू और सुकून भरा माहौल लेकर आता है. ये चिलचिलाती गर्मी से राहत देता, लेकिन इस मौसम की एक ऐसी परेशानी भी है जिससे लगभग हर घर में लोग जूझते हैं. वो है गीले कपड़ों को सुखाना. बारिश की वजह से सूरज न निकलने और हवा में ज्यादा मॉइश्चर होता है, जिसकी वजह से कपड़े आसानी से सूख नहीं पाते हैं. ऐसे में बालकनी, कमरे या कपड़े सुखाने वाले स्टैंड पर टंगे-टंगे कपड़े घंटों नहीं, बल्कि कई बार तो पूरे दिन गीले ही रह जाते हैं.

लंबे समय तक गीले रहने की वजह से कपड़ों से बदबू आने लगती है. ना केवल कपड़ों में से बल्कि आपके कमरे में भी सीलन की बदबू आने लगती है. अगर आप भी हर मॉनसून में इस समस्या से परेशान रहते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान और स्मार्ट घरेलू तरीकों की मदद से आप बिना धूप के भी अपने कपड़ों को जल्दी सुखा सकते हैं. चलिए जानते हैं वो तरीके.

1. कपड़ों को अच्छी तरह निचोड़ें

अगर आप चाहते हैं कि कपड़े जल्दी सूख जाएं तो उन्हें धोने के बाद उनमें जितना ज्यादा पानी रहेगा, उन्हें सूखने में उतना ही समय लगेगा. इसलिए कपड़ों को अच्छे से टाइट हाथों से निचोड़ें या हमेशा धोने के बाद वॉशिंग मशीन के स्पिन मोड का इस्तेमाल करें. इससे एक्स्ट्रा पानी निकल जाएगा और कपड़े जल्दी सूखेंगे.

2. हवादार जगह पर सुखाएं कपड़े

कपड़ों को हमेशा ऐसी जगह फैलाएं जहां हवा का फ्लो सही हो और वेंटिलेशन बेहतर रहता हो. भले ही धूप न हो, लेकिन अच्छी हवा कपड़ों की नमी को जल्दी कम करने में मदद करती है.

3. पंखे की मदद लें

अगर बाहर बारिश हो रही है तो कपड़ों को कमरे के अंदर स्टैंड पर फैलाकर पंखा चला दें तो उससे बहुत मदद मिल सकती है. लगातार पंखे की चलती हवा कपड़ों को तेजी से सुखाने में मदद करती है और उनमें सीलन की बदबू भी नहीं आने देती.

4. हैंगर पर टांगकर सुखाएं

कपड़ों को रस्सी पर एक-दूसरे से सटाकर टांगने के बजाय हैंगर पर अलग-अलग टांगें. हैंगर पर अलग-अलग लटाकर कपड़े टांगने से उनमें हवा चारों तरफ से लगती है और कपड़े जल्दी सूखते हैं.

5. तौलिये की ट्रिक आजमाएं

अगर कोई ऐसा कपड़ा है, जिसे आप जल्दी सुखाना चाहते हैं तो उसे एक सूखे और मोटे तौलिये में लपेट लें. तौलिया उस कपड़े की एक्स्ट्रा नमी सोख लेगा. इसके बाद उसे पंखे की हवा में सुखा दें. इससे कपड़ा जल्दी सूखने लगेगा.

6. कमरे में नमी कम रखें

बारिश के दिनों में घर के अंदर का मौसम भी नमी भरा हो जाता है. इस नमी में कपड़े सूखना और ज्यादा मुश्किल हो जाता है. ऐसे में घर के अंदर की नमी को कम करना भी जरूरी है. इसके लिए खिड़कियां थोड़ी देर के लिए खोलें या एग्जॉस्ट फैन चलाएं, ताकि कमरे की सीलन कम हो सके और कपड़ों को सूखने में आसानी हो.

7. छोटे-छोटे गैप के साथ कपड़े फैलाएं

कपड़े सुखाते समय उनके बीच थोड़ी दूरी जरूर रखें. अगर कपड़े आपस में चिपके रहेंगे तो हवा नहीं लगेगी और सूखने में ज्यादा समय लगेगा.

कपड़ों में बदबू आने से बचने के लिए ये करें? 

अगर कपड़े देर तक गीले रहते हैं तो उनमें बदबू आने लगती है. ऐसे में कपड़ों को धोते समय थोड़ा सा खुशबूदार फैब्रिक कंडीशनर इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके साथ ही कपड़ों को लंबे समय तक ढेर में गीला न छोड़ें.