सिकुड़ गए खीरे को दोबारा फ्रेश और क्रंची बनाने के

फ्रिज में रखा खीरा 2 दिन में सिकुड़कर हो गया बेकार? फेंकने के बजाय आजमाएं ये ट्रिक

गर्मियों में लोग खीरे को सलाद के रूप में खाना बहुत ही पसंद करते हैं. ऐसे में ज्यादातर घरों में एक साथ बहुत सारी क्वांटिटी में खीरा लाया जाता है. खीरे घर लाने के बाद लोग उन्हें स्टोर करने के लिए फ्रिज में रख देते हैं. सभी सोचते हैं कि फ्रिज में खीरे लंबे समय तक फ्रेश बने रहेंगे लेकिन फ्रिज में रखा खीरा अक्सर 2-3 दिनों में ही सिकुड़ जाता है. ऐसे में लोग इसे खराब समझकर फेंक देते हैं. अगर आप भी कुछ ऐसा करते हैं, तो ये गलती न करें. आप इस सिकुड़े खीरे को आसानी से दोबारा फ्रेश, रसीला और क्रंची बना सकते हैं.

ऐसे में ज्यादातर लोग सिकुड़े खीरों को खराब समझकर फेंक देते हैं. लेकिन हर बार ऐसा करना जरूरी नहीं है. कई बार फ्रिज में रखने के दौरान खीरे में नमी की कमी हो जाती है, जिसकी वजह से वो सिकुड़ा और सूखा नजर आने लगता है. ऐसे में एक आसान ट्रिक की मदद से आप फ्रिज में रखे खीरों को दोबारा काफी हद तक फ्रेश बना सकते हैं. खास बात ये है कि सिकुड़े खीरों को फिर से फ्रेश बनाने के लिए आपको बाहर से कोई महंगी चीज खरीदने की जरूरत नहीं होती है. चलिए बिना देर किए जानते हैं वो ट्रिक जो आपके सिकुड़े खीरे को दोबारा फ्रेश बना सकती है.

बर्फ के पानी में डुबोकर फ्रेश हो जाएंगे खीरे

अगर आप जल्दी ही सिकुड़े खीरों को वापस से ताजा, जूसी और क्रंची बनाना चाहते हैं तो बर्फ वाली ट्रिक आपके बहुत काम आ सकती है. सिकुड़े खीरों को ठीक करने के लिए एक बाउल में बर्फ और ठंडा पानी लें. अब उन्हें बर्फ वाले पानी में करीब 1 घंटे के लिए डुबोकर छोड़ दें. ठंडे पानी से खीरे से गायब हुई नमी वापस आने में मदद मिलती है, जिससे इसकी बनावट कुछ हद तक फिर से क्रिस्पी हो सकती है.

गीले तौलिये की ट्रिक भी आएगी काम

खीरे को दोबारा फ्रेश करने का एक और आसान तरीका है गीले किचन टॉवल की मदद लेना. इसके लिए एक साफ टिशू पेपर या किचन टॉवल को हल्का गीला करें और उसमें खीरे को अच्छी तरह लपेट दें. अब इसे करीब 30 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. इससे खीरे को नमी मिल सकती है और वो पहले से बेहतर नजर आ सकता है

अगर आप चाहते हैं कि खीरा जल्दी सिकुड़े नहीं तो उसे फ्रिज में रखने का तरीका भी सही होना चाहिए.

खीरे को प्लास्टिक रैप में अच्छी तरह लपेटकर रखें. इसे फ्रिज में सेब और टमाटर के बिल्कुल पास न रखें. खीरे को बहुत ज्यादा ठंडी जगह पर रखने से भी बचें. जब आपको खीरा खाना हो तभी उसे अच्छी तरह धोकर काटें. इस तरह थोड़ी सा ध्यान रखकर और आसान घरेलू ट्रिक्स की मदद से आप खीरे को जल्दी सिकुड़ने से बचा सकते हैं और सिकुड़े हुए खीरे को भी दोबारा इस्तेमाल लायक बना सकते हैं.