नाश्ते में बेसन नहीं अब 1 कप सूजी से बनाएं स्पंजी लौकी ढोकला
क्या आप जानते हैं बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर फिट रहने और पाचन को तंदुरुस्त रखने के लिए लौकी खाती हैं. आप चाहें तो नाश्ते में लौकी का ढोकला बनाकर खा सकते हैं. सूजी, पोहा और लौकी से बना यह नाश्ता बिना बेसन और बिना डीप-फ्राई किए तैयार होता है. यह हल्का, पौष्टिक, वजन घटाने में मददगार और सुबह के नाश्ते के लिए एकदम परफेक्ट है.
करीना कपूर खान अपनी खूबसूरती के साथ-साथ फिटनेस के लिए भी जानी जाती हैं. 45 साल की उम्र में भी बेबो अपने लुक से फैंस का दिल जीत लेती हैं, सुबह रोजाना करीना एक्सरसाइज करती हैं, जिसका वीडियो भी वो इंस्टाग्राम शेयर करती रहती हैं. इतना ही नहीं करीना अपनी डाइट का भी खास ख्याल रखती हैं, लौकी उनकी फेवरेट सब्जियों में से एक है, जिसकी वो खिचड़ी बहुत मन से खाती हैं.
अगर आप रोज-रोज एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं और कुछ हेल्दी व टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं, तो आप लौकी का बना ढोकला बना सकते हैं. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए न बेसन की जरूरत पड़ती है और न ही डीप फ्राई करने की. यह रेसिपी हल्की, पौष्टिक और पेट के लिए भी अच्छी मानी जाती है.
लौकी खाने के फायदे
विटामिन और मिनरल्स से भरपूर लौकी में 90 प्रतिशत पानी होता है और इस वजह से इसे खाने से शरीर को पानी की कमी नहीं होती है. कम कैलोरी और ज्यादा फाइबर की वजह से यह वजन कंट्रोल करने में फायदेमंद होती है और डाइजेशन के लिए भी सबसे अधिक गुणकारी मानी जाती है.
एक्ट्रेस करीना का भी कहना है, जब भी शरीर को हल्का और पोषण से भरपूर खाना चाहिए होता है, तब वह लौकी से बनी डिशेज खाना पसंद करती हैं. आइए आपको यह आसान लौकी के ढोकले की रेसिपी बताते हैं.
लौकी का ढोकला बनाने के लिए सामग्री
1 कप कद्दूकस की हुई लौकी 1 कप सूजी ½ कप पोहा ½ कप दही 1-2 हरी मिर्च 1 छोटा टुकड़ा अदरक बारीक कटा हरा धनिया स्वादानुसार नमक ½ छोटा चम्मच बेकिंग सोडा 1 छोटा चम्मच तेल तड़के के लिए 1 बड़ा चम्मच तेल 1 छोटा चम्मच राई 8-10 करी पत्ते
बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले मिक्सर जार में लौकी, सूजी, पोहा, दही, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और नमक डालकर अच्छी तरह पीस लें. जब मुलायम बैटर तैयार हो जाए, तब उसमें बेकिंग सोडा और थोड़ा सा तेल डालकर हल्के हाथ से मिला लें. अब स्टीमर की ट्रे या किसी बर्तन को हल्का सा ग्रीस करें और तैयार बैटर उसमें डाल दें. इसे 12 से 15 मिनट तक स्टीम करें. ढोकला पकने के बाद कुछ मिनट ठंडा होने दें और फिर मनचाही शेप में काटकर साइड में रख लें. अब एक छोटे पैन में तेल गर्म करें. उसमें राई और करी पत्ता डालकर तड़का तैयार करें. इस तड़के को ढोकले के ऊपर डाल दें.
ऐसे करें सर्व
गर्मागर्म लौकी का ढोकला हरी चटनी, नारियल की चटनी या टमाटर की चटनी के साथ परोसें. इसे सुबह के नाश्ते, बच्चों के टिफिन या शाम के हल्के स्नैक के रूप में भी खाया जा सकता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती है और इसलिए यह डिश ब्रेकफास्ट और शाम की हल्की भूख के लिए परफेक्ट मानी जाती है