आपकी किचन में बार-बार आ रहे कॉकरोच? अपनाएं ये असरदार हैक्स; तुरंत भागेंगे
किचन या बाथरूम में अचानक कॉकरोच दिखाई देना किसी को भी परेशान कर सकता है. कई बार रात में किचन की लाइट जलाते ही सिंक, फ्रिज या गैस के आसपास कॉकरोच भागते नजर आते हैं. ये सिर्फ घर की सफाई और हाइजीन से जुड़ी परेशानी नहीं हैं. कॉकरोच अपने साथ हानिकारक बैक्टीरिया ला सकते हैं और खाने या खाना बनाने वाली सतहों को दूषित कर सकते हैं. इनके मल और शरीर से निकलने वाले दूसरे अवशेष कुछ लोगों में एलर्जी और अस्थमा की समस्या को भी बढ़ा सकते हैं.कॉकरोच से छुटकारा पाने के लिए केवल उन्हें मारना काफी नहीं है. घर में उनके खाने, पानी और छिपने की जगह को खत्म करना भी जरूरी है, कुछ आसान उपाय अपनाकर घर में उनकी संख्या कम करने और उन्हें दोबारा आने से रोकने में मदद मिल सकती है.
किचन को रखें हमेशा साफ
कॉकरोच खाने की तलाश में सबसे ज्यादा किचन की तरफ आते हैं। फर्श या किचन काउंटर पर पड़े खाने के छोटे टुकड़े भी उन्हें आकर्षित कर सकते हैं. इसलिए खाना या कोई लिक्विड गिरने पर उसे तुरंत साफ करें. खाने की चीजों को खुला छोड़ने के बजाय एयरटाइट कंटेनर में रखें. रातभर सिंक में गंदे बर्तन छोड़ने से भी बचें. खाना खाने के बाद बर्तनों को साफ कर देना बेहतर है. गैस स्टोव, फ्रिज और दूसरे उपकरणों के नीचे और पीछे की जगह भी नियमित रूप से साफ करें, क्योंकि यहां ग्रीस और खाने के छोटे टुकड़े जमा हो सकते हैं.
घर में पानी बिलकुल भी जमा न होने दें
कॉकरोच को जीवित रहने के लिए खाने के साथ पानी की भी जरूरत होती है. इसलिए किचन और बाथरूम में नमी कम रखना जरूरी है. नल टपक रहा है या पाइप से पानी लीक हो रहा है तो उसे ठीक कराएं. सिंक और बाथटब इस्तेमाल करने के बाद संभव हो तो सूखा रखें. फर्श या काउंटर पर पानी गिरने के बाद उसे लंबे समय तक न छोड़ें. जिन जगहों पर लगातार नमी रहती है, वहां वेंटिलेशन बेहतर करने से भी मदद मिल सकती है.
दरारों और छोटे रास्तों को भी करें बंद
कॉकरोच बेहद छोटी दरारों से भी घर में प्रवेश कर सकते हैं. दीवार, फर्श, खिड़की और दरवाजे के फ्रेम में मौजूद गैप को सील किया जा सकता है. पाइप और तार घर में जहां से प्रवेश करते हैं, उनके आसपास बने खाली हिस्सों को भी चेक करें. बाजार से सामान लाते समय कार्डबोर्ड बॉक्स और बैग भी जांच लेना चाहिए. कई बार छोटे कॉकरोच या उनके अंडे इनके जरिए घर तक पहुंच सकते हैं. लंबे समय तक सामान रखने के लिए कार्डबोर्ड बॉक्स की जगह बंद प्लास्टिक कंटेनर का इस्तेमाल किया जा सकता है.
कूड़ेदान पर भी ध्यान जरूरी
किचन के कूड़ेदान में जमा खाने के अवशेष कॉकरोच के लिए भोजन का आसान जरिया बन सकते हैं. इसलिए ढक्कन वाले डस्टबिन का इस्तेमाल करें और कूड़ा नियमित रूप से बाहर निकालें. कूड़ेदान और रिसाइक्लिंग बिन को भी समय-समय पर साफ करना जरूरी है. अगर घर में पालतू जानवर हैं तो उनका खाना रातभर खुले बर्तन में न छोड़ें। पेट फूड को भी बंद कंटेनर में रखना बेहतर है।
कॉकरोच ट्रैप और बेट का करे इस्तेमाल
घर में कॉकरोच कहां सबसे ज्यादा हैं, इसका पता लगाने के लिए स्टिकी ट्रैप लगाए जा सकते हैं. इन्हें सिंक के नीचे, फ्रिज या दूसरे उपकरणों के पीछे और उन जगहों पर लगाया जा सकता है जहां कॉकरोच बार-बार दिखाई देते हैं. कॉकरोच बेट भी इनके कंट्रोल में इस्तेमाल किए जाते हैं. इन्हें उन जगहों पर रखना चाहिए जहां कॉकरोच की एक्टिविटी ज्यादा दिखाई देती है. अगर बेट का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसके ऊपर कीटनाशक स्प्रे नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे कॉकरोच बेट के पास आने से बच सकते हैं. किसी भी पेस्ट कंट्रोल प्रोडक्ट का इस्तेमाल उसकी पैकेजिंग पर दिए निर्देशों के अनुसार ही करें
बोरिक एसिड इस्तेमाल करते समय सावधानी
कॉकरोच नियंत्रित करने के लिए बोरिक एसिड का भी इस्तेमाल किया जाता है. इसे दरारों और कॉकरोच के छिपने वाली जगहों पर बहुत कम मात्रा में लगाया जाता है. हालांकि, इसे खाने या पानी के आसपास इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. सबसे जरूरी बात यह है कि बोरिक एसिड बच्चों और पालतू जानवरों की पहुंच से पूरी तरह दूर रखा जाए. गलत तरीके से इस्तेमाल करने पर यह नुकसानदायक हो सकता है.