Mercy Film Release: इच्छामृत्यु पर आधारित 'Mercy' फिल्म रिलीज...
Mercy Film Release: आदिल हुसैन और निहारिका रायजादा की फिल्म मर्सी बॉक्सऑफिस पर रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म प्यार, संघर्ष और एक कठिन निर्णय, इच्छामृत्यु (euthanasia) पर आधारित फिल्म है। इस फिल्म को मितुल बी पटेल ने डायरेक्ट किया है।
कैसी है फिल्म की कहानी?
कहानी की शुरुआत एक छोटे और खुशहाल परिवार से शुरु होती है, जिसमें एक सिंगल पैरेंट की तौर पर सुजाता (अपर्णा घोषाल) अपने बच्चों का पालन पोषण करती हैं। पति की आकस्मिक मृत्यु के बाद, सुजाता ने अकेले ही अपने दो बेटों—शेखर (राज वासुदेवा) और विहान (कुणाल भान) को पालकर बड़ा किया है। शेखर अपनी पत्नी जिया (निहारिका रायजादा) के साथ नए जीवन की शुरुआत करता है और जल्द ही पिता बनने वाला होता है। वहीं दूसरी ओर, विहान अपने करियर के असफलताओं के दौर से जूझ रहा होता है और एक नए म्यूजिकल प्रोजेक्ट के लिए शेखर से आर्थिक मदद मांगता है, जिसे शेखर उसके पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए मदद करने से मना कर देता है।
सुजाता के कोमा में जाने से आता है नया मोड़
दोनों भाइयों के बीच का यह मतभेद खत्म भी नहीं था कि एक हादसे में सुजाता गंभीर रूप से घायल होकर कोमा में चली जाती हैं। एक पल में पूरा परिवार बिखर जाता है। डॉक्टर जब यह कह देते हैं कि सुजाता के ठीक होने की कोई उम्मीद नहीं है, तब घर के भीतर एक नई जंग शुरू होती है।
शेखर को अटूट विश्वास है कि उसकी मां एक दिन आंखें खोलेंगी और मुस्कुराएंगी, जबकि जिया और विहान को लगता है कि सुजाता को इस स्थिति में रखना उनकी तकलीफ को लंबा खींचना है। वे 'लाइफ सपोर्ट सिस्टम' हटाने के पक्ष में हैं ताकि उन्हें शांति मिल सके।
एक नई राह
अपनों के बीच फंसे और गहरे दुख में डूबे शेखर की मुलाकात फादर जोएल (आदिल हुसैन) से होती है, जो सालों से इस परिवार के मार्गदर्शक रहे हैं। फादर जोएल से हुई वह बातचीत शेखर को एक नई दृष्टि और साहस देती है। क्या शेखर अपनी मां की डोर थामे रखेगा या विदा कहेगा? जीवन और मृत्यु के इस धुंधले रास्ते पर परिवार का क्या फैसला होता है, यह जानने के लिए आपको यह फिल्म देखनी होगी।
फिल्म की स्टारकॉस्ट
इस फिल्म में आदिल हुसैन(फादर जोएल के रूप में), राज वासुदेवा(शेखर के रूप में), निहारिका रायजादा (जिया के रूप में), अपर्णा घोषाल (सुजाता के रूप में) और कुणाल भान (विहान के रूप में) मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा अजय दत्ता, श्याम गांधी, सार्थक जोश, अजिंक्य मिश्रा, मज्दा, तारापोरवाला, गौरी वर्मा भी नजर आएंगे।