झारखंड

Jharkhand Weather Update:  झारखंड में मौसम ने बदला रूख, दिन में गर्मी और रात में ठंडक का एहसास; IMD का अपडेट

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क:  अक्टूबर माह के बीतेएक सप्ताह के दौरान न्यूनतम तापमान में लगातार हो रही गिरावट के चलते अब रात में गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है, हालांकि दिन में धूप के वजह से अभी भी तापमान में तल्खी बरकरार है. शनिवार सुबह से शाम तक मौसम साफ रहा धूप खिली रही. दोपहर में धूप का असर तेज होने के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा, लेकिन रात में हल्की ठंड का एहसास होने लगा. 

झारखंड में गिरने लगा तापमान

दिन-ब-दिन तापमान में गिरावट देखी जा रही हैं. इससे पूर्व शुक्रवार रात से ही ठंडी हवाएं चलने से ठंड का अहसास होने लगा हैं हालांकि रात में हल्की ठंड पड़ने से बीते 3-4 दिनों से अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट हुई है, मगर धूप अभी भी तीखी बनी हुई है. ऐसे में गत वर्ष के मुकाबले इस बार हल्की ठंड जल्दी असर दिखाने लगी है.

मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू

 मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. जिससे झारखंड के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी जिलों से बादल हटने लगेंगे. 1 से 9 अक्टूबर के बीच झारखंड मेंऔसतन 38.0 मिमी की तुलना में 66.7 मिमी बारिश हुई है, जो कि सामान्य से करीब 75 फीसदी ज्यादा हैं. आंकड़ों के मुताबिक, कुछ जिलों में ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई हैं. 

हल्की बारिश होने की संभावना

वहीं, मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में 16 अक्टूबर तक  गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई सकती है, हालांकि इस सप्ताह के अंत तक मौसम शुष्क रहेगा. जिसके बाद 17 से 23 अक्टूबर के बीच पूरे राज्य में सामान्य से कम बारिश की संभावना है. वहीं, अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से सूबे में हल्की गुलाबी ठंड की शुरुआत हो जाएगी और सुबह-शाम ओस की नमी महसूस होने लगेगी.