TVF ने अपनी पहली मराठी फिल्म 'बयांगी: पलायची नाही,

पंचायत और गुल्लक के बाद TVF का नया दांव, नारियल में कैद आत्मा और चार दोस्तों की कहानी लेकर आ रही हॉरर-कॉमेडी बयांगी

पंचायत और गुल्लक के बाद TVF का नया दांव, नारियल में कैद आत्मा और चार दोस्तों की कहानी लेकर आ रही हॉरर-कॉमेडी बयांगी

‘कोटा फैक्ट्री’, ‘पंचायत’, ‘गुल्लक’ और ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ जैसी चर्चित सीरीज से दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुका द वायरल फीवर (TVF) अब एक नए और दिलचस्प जॉनर के साथ मराठी सिनेमा में कदम रखने जा रहा है। प्रोडक्शन हाउस ने अपनी पहली मराठी फिल्म ‘बयांगी: पलायची नाही, तालायची’ का रविवार को ऐलान कर दिया है। फिल्म के नाम के साथ जारी किया गया रहस्यमयी पोस्टर भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। पोस्टर में एक नारियल के साथ जलता हुआ दीया नजर आ रहा है, जो फिल्म की कहानी में छिपे सुपरनैचुरल रहस्य की झलक देता है।

बयांगी का पोस्टर

कोंकण की डरावनी लोककथाओं से प्रेरित यह फिल्म हॉरर और कॉमेडी का अनोखा मिश्रण पेश करने वाली है। यानी कहानी में जहां अलौकिक घटनाएं दर्शकों को डराएंगी, वहीं चार दोस्तों की हरकतें और परिस्थितियां हंसी का डोज भी देंगी।

लोककथा और मॉडर्न ह्यूमर का अनोखा मेल

TVF अपनी कहानियों में रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े किरदारों और अलग तरह के विषयों को पेश करने के लिए जाना जाता है। ऐसे में मराठी सिनेमा में उसका पहला कदम भी कुछ हटकर दिखाई दे रहा है।

‘बयांगी: पलायची नाही, तालायची’ में कोंकण की रहस्यमयी लोककथाओं को आधुनिक दौर के हास्य और मनोरंजन के साथ जोड़ा गया है। फिल्म की कहानी सुपरनैचुरल दुनिया में जरूर प्रवेश करती है, लेकिन इसका ट्रीटमेंट पूरी तरह गंभीर और डरावना रखने के बजाय हास्य और मनोरंजन से भरपूर किया गया है।

चार दोस्तों को मिला ‘चीट कोड’, फिर बदल गई कहानी

फिल्म की कहानी कोंकण के धुंध से घिरे गांवों के बीच रहने वाले चार कुंवारे दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। इन दोस्तों को लगता है कि उन्हें आलीशान जिंदगी जीने का एक ऐसा ‘चीट कोड’ मिल गया है, जिससे उनकी जिंदगी रातोंरात बदल सकती है।

लेकिन उनकी खुशी ज्यादा देर नहीं टिकती। उन्हें पता चलता है कि बयांगी की एक तय वैलिडिटी है और उसे निश्चित समय के भीतर वापस करना जरूरी है। अगर ऐसा नहीं किया गया, तो उसकी विनाशकारी ताकत बाहर आ सकती है। इसके बाद चारों दोस्तों के सामने अपनी जान और भविष्य बचाने की चुनौती खड़ी हो जाती है।

बयांगी से छुटकारा पाने की कोशिश में चारों दोस्त लगातार मुश्किलों में फंसते जाते हैं। इसी दौरान उन्हें एहसास होता है कि उनकी हर छोटी-बड़ी इच्छा की अपनी एक कीमत है।

अमेय वाघ समेत ये कलाकार आएंगे नजर

TVF के बैनर तले बन रही ‘बयांगी: पलायची नाही, तालायची’ का निर्देशन अभय राउत कर रहे हैं। वह इससे पहले ‘गुल्लक’ सीजन 5 का निर्देशन कर चुके हैं।

फिल्म में अमेय वाघ, हार्दिक जोशी, मनमीत पेम और अविनाश खेडेकर प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगे। TVF इससे पहले ‘गुल्लक’, ‘पंचायत’ और ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ जैसे सफल प्रोजेक्ट्स के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर चुका है।

‘पंचायत’ TVF की सबसे लोकप्रिय सीरीज में से एक है और इसके अब तक चार सीजन रिलीज हो चुके हैं। अब दर्शकों को इसके पांचवें सीजन का भी बेसब्री से इंतजार है। ऐसे में मराठी सिनेमा में ‘बयांगी’ के जरिए TVF का नया प्रयोग कितना सफल होता है, यह देखना दिलचस्प होगा।