उत्तर प्रदेश

Hapur liquor shop assault: शराब ठेके पर ओवर रेटिंग का विरोध करना युवक को पड़ा भारी, सेल्समैनों ने की बेरहम पिटाई

Hapur liquor shop assault: हापुड़ के गढ़ नगर में रविदास चौक के पास स्थित एक अंग्रेजी शराब ठेके पर ओवर रेटिंग का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। ठेके पर तैनात तीन सेल्समैनों ने युवक पर जानलेवा हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। मारपीट इतनी बेरहम थी कि युवक के शरीर पर 32 टांके आए। इस घटना ने शराब ठेका संचालक और सेल्समैनों की गुंडागर्दी को उजागर किया है। मामले में पीड़ित पर ठेका मालिक और सेल्समैनों द्वारा फैसले के लिए दबाव बनाने की भी बात सामने आई है।

शराब की कीमत को लेकर बवाल

घटना के अनुसार, गढ़ नगर के रविदास चौक पर स्थित अंग्रेजी शराब ठेके पर युवक शराब खरीदने पहुंचा था। इस दौरान सेल्समैनों ने तय मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की कोशिश की। युवक ने ओवर रेटिंग का विरोध किया और उचित मूल्य पर शराब देने की मांग की। इससे नाराज सेल्समैनों ने पहले युवक के साथ गाली-गलौज शुरू की और फिर बात हाथापाई तक पहुंच गई। देखते ही देखते तीनों सेल्समैनों ने मिलकर युवक पर हमला बोल दिया। उन्होंने उसे लात-घूंसों और धारदार हथियारों से मारना शुरू कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका शरीर खून से लथपथ हो गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर युवक को बचाया और उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। Read More: UP Human Trafficking: कौशांबी जिले से सामने आया एक चौंकाने वाला मामला,मां बाप ने 12 साल की लड़की को बेचा

युवक की हालत गंभीर

अस्पताल में युवक की हालत गंभीर बताई गई। डॉक्टरों के अनुसार, उसके शरीर पर गहरे घाव थे, जिन्हें ठीक करने के लिए 32 टांके लगाने पड़े। पीड़ित युवक ने बताया कि ठेके पर ओवर रेटिंग की शिकायत करना उसकी सबसे बड़ी भूल थी। उसने आरोप लगाया कि सेल्समैनों ने न केवल उसकी पिटाई की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर ठेका संचालक और तीनों सेल्समैनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

शराब ठेकों पर गुंडागर्दी और अवैध वसूली

इस घटना ने इलाके में शराब ठेकों पर हो रही गुंडागर्दी और अवैध वसूली को लेकर लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ठेके पर आए दिन ओवर रेटिंग और ग्राहकों के साथ बदसलूकी की शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं देता। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेका मालिक का स्थानीय स्तर पर रसूख होने के कारण पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरती जाती है।

Hapur liquor shop assault: युवक को मिल रही धमकियां

वहीं, पीड़ित युवक ने बताया कि ठेका मालिक और सेल्समैन उस पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बना रहे हैं। उसे धमकियां दी जा रही हैं कि यदि उसने शिकायत वापस नहीं ली तो उसे और गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। इस मामले ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। श्याम कौशिक की रिपोर्ट