मध्य प्रदेश

Gwalior crime: चरित्र पर शंका के चलते पत्नी की चाकू से काटी नाक...काम पर जा रही थी महिला

Gwalior crime:  ग्वालियर में शनिवार शाम को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर हमला कर उसकी नाक काट दी। यह घटना ग्वालियर थाना क्षेत्र के होटल फ्लाइन के सामने हुई। महिला काम पर जा रही थी, तभी उसका पति अचानक सामने आ गया और पहले गाली-गलौज की, फिर चाकू से उस पर हमला कर दिया। घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

[caption id="attachment_108752" align="alignnone" width="300"] Gwalior crime[/caption]

Gwalior crime: आरोपी मौके से धमकी देकर फरार हो गया

पीड़िता 35 वर्षीय महिला रमटापुरा की रहने वाली है और इन दिनों पति से अलग होकर चार शहर के नाका पर किराए के मकान में अपनी बेटी के साथ रह रही थी। शनिवार को वह तानसेन नगर स्थित लक्ष्मी डेयरी में काम पर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसका पति आया और झगड़ा शुरू कर दिया। जब महिला ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसके गले में हाथ डालकर चाकू से नाक पर वार कर दिया, जिससे नाक कटकर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से धमकी देकर फरार हो गया।

Gwalior crime: पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं, शनिवार रात महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं में मामला दर्ज किया। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Gwalior crime: इतनी बड़ी घटना की उसे उम्मीद नहीं थी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसके चरित्र पर शक करता था और इसी शक की वजह से आए दिन दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। रोज़ के विवाद और तनाव से परेशान होकर वह अपनी बेटी के साथ पति का घर छोड़कर अलग रह रही थी। महिला ने बताया कि पति कई बार धमकी दे चुका था कि वह उसे बर्बाद कर देगा, लेकिन इतनी बड़ी घटना की उसे उम्मीद नहीं थी।

बढ़ते मामलों पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है

ग्वालियर थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग ने बताया कि आरोपी के संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपी की लोकेशन का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना समाज में महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा के बढ़ते मामलों पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।