35 वर्षीय अंजू देवी की गोपालगंज में संदिग्ध मौत हो

खाना बनाने को लेकर विवाद महिला की हत्या, ससुराल वाले फरार!

खाना बनाने को लेकर विवाद महिला की हत्या, ससुराल वाले फरार!

Women Murder News: गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनरवा गांव में एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। 35 वर्षीय अंजू देवी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। मृतका सुभाष यादव की पत्नी थी। घटना के बाद मृतका के ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं।

मायके पक्ष का गंभीर आरोप

मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने और सबूत मिटाने के लिए शव को पंखे से लटकाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जानबूझकर आत्महत्या का मामला बनाने की कोशिश की गई।

खाना बनाने को लेकर हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, घर में अक्सर खाना बनाने को लेकर विवाद होता रहता था। गुरुवार रात भी इसी मुद्दे पर पति-पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई। मायके पक्ष का आरोप है कि इसी मामूली बात को लेकर मारपीट शुरू हुई, जो बाद में हिंसक रूप ले ली।

हत्या कर शव को फंदे से लटकाया

मायके वालों का आरोप है कि मारपीट के दौरान अंजू देवी का गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद अपराध को छुपाने के लिए शव को साड़ी के फंदे से छत के पंखे पर लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। घटना के तुरंत बाद पति, सास और ससुर समेत पूरे ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए।   ग्रामीणों ने दी सूचना

शुक्रवार सुबह जब गांव वालों को घर में सन्नाटा और संदिग्ध गतिविधियां दिखीं, तो उन्होंने तुरंत मृतका के मायके पक्ष को सूचना दी। मायके वाले पहुंचे तो घर के अंदर का मंजर देखकर सकते में आ गए। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस की कार्रवाई

जानकारी मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। शव का पोस्टमॉर्टम गोपालगंज सदर हॉस्पिटल में कराया जा रहा है। पुलिस ने मृतका के शरीर पर चोट के निशान और मायके पक्ष के बयान दर्ज कर लिए हैं।  पुलिस का कहना है कि, मामला पूरी तरह संदिग्ध है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण स्पष्ट होगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।