हरिद्वार में एक पति ने अपनी बीमार पत्नी को जहर देक

हरिद्वार में पति ने बीमार पत्नी को जहर देकर मारा, 5 महीने बाद ऐसे हुआ खुलासा

पत्नी की हत्या का खुलासा

हरिद्वार में 4 साल से बीमार चल रही पत्नी को पति ने जहर दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने करीब 5 महीने बाद इस मौत के मामले का खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच और FSL रिपोर्ट में महिला की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पत्नी की बीमारी से परेशान था और इसी वजह से उसने इलाज के बहाने पानी में जहर मिलाकर उसे पिला दिया था।

बीमारी से परेशान था पति

हादराबाद के मिर्जापुर मुस्तफाबाद निवासी अफजाल (38) की शादी 20 साल पहले हुई। पिछले 4 सालों से उसकी पत्नी बीमार चल रही थी। आरोपी पति पत्नी की बीमारी और उसके इलाज से काफी परेशान हो चुका था। इसी से तंग आकर उसने पत्नी को मारने की खौफनाक साजिश रची। उसने खेतों में डालने वाली जहरीली दवा पत्नी की दवाई में मिला दी। 

महिला का आखिरी बयान

जहर पीने के बाद जब महिला की तबीयत बिगड़ी, तो समाज और परिवार के सामने खुद को बेकसूर दिखाने के लिए आरोपी पति ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान ही पत्नी ने दम तोड़ दिया। हालांकि, मरने से पहले महिला अपने पति की इस साजिश को समझ चुकी थी और अस्पताल में नायब तहसीलदार के सामने महिला के मौत से पहले बयान भी दिया था। बहन की मौत के बाद, 4 फरवरी 2026 को मरगूबपुर निवासी मृतका के भाई मोहम्मद अनीश ने बहादराबाद कोतवाली में शिकायत देकर अपने जीजा अफजाल पर बहन को जहर देकर मारने का संगीन आरोप लगाया। 

FSL रिपोर्ट में पुष्टि

हाल ही में मिली FSL रिपोर्ट में पुष्टि हो गई कि महिला की मौत किसी सामान्य बीमारी से नहीं, बल्कि शरीर में घातक जहरीले पदार्थ के फैलने से हुई। वैज्ञानिक साक्ष्यों ने साफ कर दिया कि हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि पति ही है। सबूत सामने आने के बाद से आरोपी पति अफजाल अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। 

आरोपी गिरफ्तार

बहादराबाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पत्नी की लंबी बीमारी से तंग आ चुका था, इसलिए उसने यह वारदात की। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, फिर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।