झारखंड

रांची में “हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी विकसित भारत 2047” मैराथन का आयोजन, राज्यपाल ने दिया नागरिकों को प्रेरक संदेश

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: रांची के मोरहाबादी में आयोजित “हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी विकसित भारत 2047” मैराथन के अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रतिभागियों, आयोजकों और नागरिकों को संबोधित किया. उन्होंने इस आयोजन को राष्ट्र चेतना, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी भावना का प्रतीक बताया. इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को आयोजन के लिए बधाई दी और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी.

राज्यपाल ने कहा कि “हर घर स्वदेशी” का संदेश महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित है, जिसमें स्वदेशी अपनाना केवल वस्तु का चयन नहीं बल्कि देश के प्रति समर्पण का प्रतीक हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” आह्वान को दोहराते हुए कहा कि देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने का मतलब है देश के श्रम, कौशल और सम्मान का समर्थन करना.

उन्होंने आगे कहा कि स्वदेशी अपनाना देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है और यही “विकसित भारत 2047” का मार्ग हैं. मैराथन में हर कदम स्वदेशी, स्वास्थ्य और स्वाभिमान की दिशा में बढ़ने का प्रतीक हैं. राज्यपाल ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे “वोकल फॉर लोकल” संदेश को अपने जीवन में अपनाएं और स्वदेशी उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें. समापन में राज्यपाल ने सभी से स्वदेशी अपनाने, स्वावलंबी बनने और विकसित भारत 2047 के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया.

यह भी पढ़े: चाईबासा: सारंडा जंगल में नक्सलियों का खौफ बढ़ा! एयरटेल टावर और जेनसेट जलाकर दी चेतावनी, इलाके में दहशत का माहौल