छत्तीसगढ़
DhamtariNews : टॉयलेट में छिपा था तेंदुआ, पूंछ देखकर भागे घरवाले
Leopard Hides In Home Toilet : रेस्क्यू के दौरान छत से कूदकर जंगल भागा
Leopard Hides In Home Toilet : धमतरी जिले के सोनामगर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक तेंदुआ अचानक एक घर के टॉयलेट में छिपा हुआ मिला। घटना रविवार की है, जब उत्तम साहू नामक ग्रामीण के घर में तेंदुआ घुस आया और पुराने टॉयलेट में छिपकर बैठ गया। जैसे ही परिजन ने टॉयलेट में किसी जानवर की पूंछ देखी, तुरंत दरवाजा बंद कर वन विभाग को सूचना दी गई।पूंछ देख मचा हड़कंप, घरवालों ने दिखाई सूझबूझ
उत्तम साहू के परिवार ने बताया कि पुराने टॉयलेट का इस्तेमाल नहीं होता था, वहां पेंट के डिब्बे रखे थे। जब परिजन कुछ सामान निकालने वहां गए, तो उन्हें किसी जानवर की पूंछ नजर आई। पहले तो किसी को यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब ऊपर चढ़कर देखा गया तो वहां वाकई एक तेंदुआ बैठा हुआ था। किसी अनहोनी से पहले परिजनों ने समझदारी दिखाते हुए दरवाजा बंद किया और वन विभाग को तत्काल सूचना दी।वन विभाग ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया
सूचना मिलते ही बिरगुड़ी रेंज के रेंजर दीपक गावड़े के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गांव वालों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया और आसपास मुनादी करवाई गई। घर के पास करीब 50 मीटर की दूरी पर पहाड़ी जंगल है, जिसे देखते हुए तेंदुए के लिए सुरक्षित निकास मार्ग तैयार किया गया।रेस्क्यू के दौरान तेंदुआ टॉयलेट से निकलकर आंगन में आया, फिर घर की छत पर चढ़ा और वहां से छलांग लगाकर सीधा सड़क पार करते हुए जंगल की ओर भाग गया।