कोरबा: सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। चौथिया कार्यक्रम से लौट रहे एक परिवार की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर चलती ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना उरगा थाना क्षेत्र में फरसवनी टोल नाका के आगे की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
चौथिया कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार
पुलिस के मुताबिक, कोरबा के बुधवारी इलाके में रहने वाला सोनी परिवार चांपा में आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गया था। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सदस्य कार से वापस लौट रहे थे।रात करीब 2 बजे फरसवनी टोल नाका के पास अचानक कार चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। तेज रफ्तार कार पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और फिर सामने चल रही ट्रक के पीछे जा घुसी।
हादसे में मां, बेटा और मासूम की मौत
इस भीषण हादसे में मोंगरा सोनी (45), उनके बेटे देवेंद्र सोनी (22) और ढाई साल के मासूम प्रियांश की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों रिश्ते में मां-बेटा और नाती बताए जा रहे हैं।हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया था। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला।
तीन घायल, बिलासपुर रेफर
हादसे में घायल तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार अस्पताल से संपर्क में हैं।मोंगरा सोनी और मासूम प्रियांश के शवों को बीडीएम अस्पताल चांपा में रखा गया है, जबकि देवेंद्र सोनी का शव जिला अस्पताल जांजगीर में भेजा गया है।
दो दिन पहले ही हुई थी परिवार में शादी
वार्ड पार्षद सुभाष राठौर ने बताया कि परिवार में दो दिन पहले ही बेटी की शादी हुई थी। उसी सिलसिले में चौथिया कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।मृतक परिवार कोरबा में टेंट हाउस का व्यवसाय करता था और इलाके में काफी परिचित माना जाता था। घटना के बाद बुधवारी इलाके में शोक का माहौल है।