बिलासपुर में आया आंधी-तूफान, मिली गर्मी से राहत
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार दोपहर अचानक आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ ही बारिश हुई, जिसके कारण लोगों को तेज धूप और गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
अचानक बदला मौसम का मिजाज
दरअसल, शहर वासियों को तेज धूप के साथ ही गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन शनिवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आंधी-तूफान के चलते कई इलाकों में बिजली गुल हो गई।
मौसम विभाग ने क्या संभावना जताई थी?
बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही अगले 4 दिनों तक लगभग सभी संभागों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई थी।
कल कैसा रहा मौसम ?
शुक्रवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ दुर्ग सबसे गर्म रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस के साथ अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा।
मौसम विज्ञानी ने क्या कहा ?
मौसम विज्ञानी एच. पी. चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर और उसके आसपास मौजूद है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश से उत्तर अंदरूनी उड़ीसा तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है।