बस्तर में धर्मांतरण के आरोप पर बवाल, ग्रामीणों ने पास्टर की पिटाई की; VIDEO वायरल
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में धर्मांतरण के आरोप को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। रेटावंड गांव में ग्रामीणों ने ओडिशा के एक पास्टर के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग पास्टर को लात-घूंसों और चप्पलों से पीटते दिखाई दे रहे हैं।मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, पास्टर ओडिशा के नवरंगपुर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। वह पिछले करीब डेढ़ साल से अपने परिवार के साथ बस्तर जिले के रेटावंड गांव में रह रहा था।ग्रामीणों का आरोप है कि वह गांव में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था। इसी मुद्दे को लेकर रविवार को गांव में बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
बैठक के बाद बढ़ा विवाद
ग्रामीणों ने बैठक में पास्टर से गांव छोड़ने की मांग की। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई।आरोप है कि गुस्साए ग्रामीणों ने पास्टर के साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी शर्ट भी फाड़ दी गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया।पुलिस के मुताबिक, पास्टर ने लिखित शिकायत भी दी है। वहीं ग्रामीणों ने मांग की है कि वह अपने परिवार के साथ गांव छोड़कर वापस ओडिशा लौट जाए।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और किसी तरह का बड़ा तनाव नहीं है।बताया गया है कि पास्टर ने भी प्रशासन को आश्वासन दिया है कि वह जल्द गांव छोड़ देगा। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे विवाद
बस्तर और आसपास के इलाकों में धर्मांतरण को लेकर पहले भी कई बार विवाद सामने आ चुके हैं।हाल ही में कांकेर जिले में शव दफनाने को लेकर आदिवासी और धर्मांतरित समुदाय के बीच हिंसक झड़प हुई थी। उस घटना में चर्च में आगजनी, मारपीट और पुलिस लाठीचार्ज जैसी स्थिति बन गई थी।