बिहार में तकनीकी और औद्योगिक विकास के लिए नई पहल, CM ने कि कई घोषणाएं
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के विकास को लेकर बड़ा विजन पेश किया। CM सम्राट ने कहा कि बिहार के विकास के लिए वह जान लगा देंगे। बिहार में तकनीकी विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री चौधरी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पटना के बिहटा में प्रौद्योगिकी केंद्र का उद्घाटन किया। साथ ही मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा और मुंगेर में एक्सटेंशन सेंटर का शुभारंभ किया गया।
तकनीक और कौशल विकास
इस मौके पर CM सम्राट ने कहा कि इस पहल से प्रदेश में तकनीक और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी, जिससे रोजगार के अवसर सृजित होंगे। वहीं उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध होगा, जिससे प्रदेश में औद्योगिक विकास को मजबूती मिलने की उम्मीद है। CM चौधरी ने कहा कि “आज का दिन ऐतिहासिक है” और संयुक्त बिहार के बाद इस क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया था। उन्होंने PM नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार को इस परियोजना के लिए जमीन उपलब्ध कराने का श्रेय दिया। इस दौरान CM सम्राट चौधरी ने कई घोषणाएं भी की।
CM ने की घोषणाएं
मुख्यमंत्री चौधरी ने ऐलान किया कि IIT पटना के बिहटा कैंपस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर रिसर्च सेंटर तैयार किया जा रहा है, जिस पर प्रदेश सरकार करीब 200 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से बिहार में और ज्यादा टेक्नोलॉजी सेंटर खोलने की भी अपील की, ताकि युवाओं को ज्यादा से ज्यादा स्किल्ड बनाया जा सके। सम्राट ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगले एक साल में बिहार में 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाया जाएगा। साथ ही जुलाई से हर ब्लॉक में डिग्री कॉलेज खोलने का लक्ष्य रखा गया, जहां कॉलेज नहीं हैं, वहां तुरंत शुरू किए जाएंगे।