बांका में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर!
Banka Accident 2 Dead: बांका के बेलहर थाना क्षेत्र के गेरुआ-सीलर मार्ग पर 1 मई शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की जान चली गई। एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की गंभीर रुप से घायल हो गए, जब हॉस्पिटल ले जाया गया तो उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया।
बाजार जाते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, गांव में पूजा का आयोजन होना था। उसी का सामान खरीदने दोनों युवक बाइकसे बाजार जा रहे थे। तभी रास्ते में गेरुआ और सीलर गांव के बीच एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क से कई फीट दूर जा गिरे।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान विशाल कुमार (18 वर्ष) के रुप में की गई, जो कि सुल्तानगंज का निवासी था। दूसरे की पहचान कांग्रेस कुमार (18 वर्ष) के रुप में हुई, जो कि गेरुआ लक्ष्मणी तरी का निवासी था। दोनों मृतक रिश्तेदार थे।
मातम में बदली खुशियां
परिजनों ने बताया कि- 'विशाल दिल्ली में मजदूरी करता था और करीब एक महीने पहले ही अपनी बहन की शादी में शामिल होने गांव आया था। वहीं, कांग्रेस कुमार गांव में ही आइसक्रीम बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।'
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही बेलहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया।
थानाध्यक्ष दिनेश वर्मा ने बताया कि- 'अज्ञात वाहन की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।'