Ambikapur rabies infected goat: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के समीप ग्राम सरगंवा में रेबीज संक्रमण से जुड़े हैरतअंगेज मामले ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया है। 28 दिसंबर को निकासी पूजा के दौरान बलि दिए गए बकरे का मांस करीब 400 ग्रामीणों ने प्रसाद के रूप में खा लिया, जबकि बाद में पता चला कि बकरे को कुछ दिन पहले रेबीज संक्रमित कुत्ते ने काट लिया था.ग्रामीणों में डर और आक्रोश दोनों ही देखने को मिल रहे हैं, और वे अब तत्काल रेबीज का टीका लगवाने की तैयारी में हैं।
Ambikapur rabies infected goat: निकासी पूजा में दी थी बलि, बांटा प्रसाद
ग्राम सरगंवा में परंपरागत निकासी पूजा का आयोजन हर साल होता है. इस बार भी पूजा के दौरान बकरे की बलि दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच नारायण प्रसाद और उपसरपंच कृष्णा सिंह ने जानबूझकर रेबीज संक्रमित बकरे को बलि के लिए उपयोग किया. ग्रामीण बताते हैं कि नान्हू रजवाड़े नामक व्यक्ति से खरीदा गया बकरा कुछ दिन पहले ही एक रेबीज संक्रमित कुत्ते से प्रभावित था।
पता लगा तो मचा हड़कंप
गांव की परंपरा के अनुसार, बलि के पशु का मांस पुरुष वर्ग द्वारा प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है। इस बार भी यही हुआ, और लगभग 400 ग्रामीणों ने मांस खाया. जब ग्रामीणों को बकरे के रेबीज संक्रमित होने की जानकारी हुई, तो पूरे गांव में भय और तनाव फैल गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लगाया कैंप
घटना के बाद ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने की मांग की. स्वास्थ्य विभाग ने आश्वासन दिया है कि कल ग्राम सरगंवा में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा. शिविर में ग्रामीणों की जांच, परामर्श और आवश्यक उपचार किया जाएगा.
