Dhoni’s Ranchi house: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के रांची स्थित घर को लेकर एक नया विवाद उठ खड़ा हुआ है। झारखंड सरकार ने धोनी के घर के उपयोग में नियमों का उल्लंघन होने के आरोप में जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, झारखंड स्टेट हाउसिंग बोर्ड ने धोनी के पुराने घर के उपयोग पर सवाल उठाए हैं, क्योंकि इसे व्यावसायिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।
धोनी का घर और पहले हुए विवाद
धोनी का यह आलीशान घर रांची के हरमू रोड पर स्थित है और कई साल पहले मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की सरकार ने धोनी को उनकी उपलब्धियों के लिए 10,000 स्क्वायर फीट का प्लॉट आवंटित किया था। यह प्लॉट आवासीय गतिविधियों के लिए था, लेकिन बताया जा रहा है कि धोनी ने इस जमीन पर अपना घर बना लिया और बाद में इसे व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया।
इस घर को लेकर पहले भी विवाद हो चुके हैं। 2007 में, इस घर की छत पर बने स्विमिंग पूल को लेकर विवाद उठे थे, जब इसके निर्माण पर आपत्ति जताई गई थी, हालांकि धोनी को तब राहत मिल गई थी। फिर 2016 में, जब रांची में पानी की कमी हो रही थी, कुछ पड़ोसियों ने आरोप लगाया था कि धोनी अपने स्विमिंग पूल में रोजाना 15,000 लीटर पानी खर्च कर रहे हैं, जबकि उनके इलाके में पानी की किल्लत थी।
ताजा विवाद और जांच
ताजा विवाद धोनी के घर की जमीन के उपयोग से जुड़ा है। झारखंड हाउसिंग बोर्ड के नियमों के अनुसार, आवासीय प्लॉट का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए नहीं किया जा सकता। हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन संजय लाल पासवान ने कहा है कि अगर किसी भी मामले में इसका उल्लंघन पाया जाता है, तो इसे अवैध माना जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी के घर में एक डायग्नॉस्टिक सेंटर बनाए जाने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
धोनी पिछले कुछ वर्षों से अपने परिवार के साथ रांची से बाहर स्थित सिमालिया रिंग रोड पर बने अपने विशाल फार्म हाउस में रह रहे हैं।
