Akola crime news: महाराष्ट्र के अकोला जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) पर आरोप लगे हैं कि उसने हिरासत में ली गई महिला से उसकी बेटी को अपने पास भेजने के बदले पैसे देने और यौन संबंध बनाने का आपत्तिजनक प्रस्ताव रखा। बुधवार को घटना के सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया।
महिला की शिकायत के बाद खुला मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ASI राजेश जाधव ने थाने में पूछताछ के दौरान महिला के साथ अशोभनीय टिप्पणी की। सूत्रों की मानें तो जाधव ने महिला को करीब 80 लाख रुपये के धोखाधड़ी मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था। इसी दौरान जाधव ने महिला से कहा कि वह उसकी बेटी को अपने पास भेज दे, जिसके बदले वह 10 हजार रुपये देगा। इस अपमानजनक टिप्पणी से आहत महिला ने तत्काल थाने में मौजूद महिला पुलिस अधिकारी से शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामला उजागर हुआ।

तत्काल हुई कार्रवाई, आरोपी पुलिसकर्मी को किया गया निलंबित
शिकायत मिलते ही अकोला के पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने आरोपी ASI जाधव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसे पकड़ने के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जांच की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल जुमले को सौंपी गई है।
पहले भी जाधव पर लग चुके हैं गंभीर आरोप
इस मामले पर पूर्व महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. आशा मिर्गे ने भी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ पहले भी महिलाओं के प्रति अनुचित व्यवहार और पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं। एक महिला पुलिसकर्मी से जुड़ा विवाद भी पूर्व में चर्चा में रहा था।

पुलिस ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्ती जरूरी है, ताकि पुलिस व्यवस्था में जनता का विश्वास बना रहे।
