Air ticket prices: हवाई यात्रा करने वाले भारतीय यात्रियों को अब अपनी जेब और ढीली करनी पड़ सकती है। शनिवार को निजी एयरलाइन कंपनी अकासा एयर ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लगाने का फैसला किया है। जानकारी के अनुसार, कंपनी के इस निर्णय के बाद 15 मार्च से बुक होने वाली फ्लाइट टिकटों की कीमतों में ₹199 से लेकर ₹1300 तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
15 मार्च से लागू होगा नया फ्यूल सरचार्ज
भारतीय एयरलाइन कंपनी अकासा एयर ने घोषणा की है कि 15 मार्च को रात 12:01 बजे के बाद बुक की जाने वाली सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लागू किया जाएगा। कंपनी द्वारा जारी किये गए बयान के अनुसार यात्रियों से प्रति सीट ₹199 से ₹1300 तक अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा। यह निर्णय बढ़ती ईंधन लागत के चलते लिया गया है, जिसका सीधा असर एयरलाइन कंपनियों के संचालन खर्च पर पड़ रहा है।

एविएशन फ्यूल की बढ़ती कीमतों का यात्रियों पर पड़ रहा असर
गौरतलब है कि मध्य पूर्व में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में भारी उछाल आया है। एयरलाइंस के कुल ऑपरेटिंग खर्च में ईंधन की हिस्सेदारी काफी बड़ी होती है। ऐसे में ईंधन की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी ने एयरलाइन कंपनियों के लिए लागत का दबाव बढ़ा दिया है, जिसके चलते कई कंपनियों ने टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज जोड़ना शुरू कर दिया है।
एयर इंडिया और इंडिगो पहले ही कर चुके हैं घोषणा
अकासा एयर से पहले देश की दो बड़ी एयरलाइन कंपनियां, एयर इंडिया और इंडिगो भी अपने यात्रियों से फ्यूल सरचार्ज वसूलने की घोषणा कर चुकी हैं। एयर इंडिया ने 12 मार्च से फ्लाइट टिकटों पर ₹399 से लेकर 90 डॉलर (करीब ₹8332) तक का फ्यूल सरचार्ज लागू किया है। वहीं, इंडिगो ने 14 मार्च से टिकटों पर ₹425 से ₹2300 तक अतिरिक्त शुल्क लेना शुरू कर दिया है।
कच्चे तेल की कीमतों में आया उछाल
एविएशन टर्बाइन फ्यूल कच्चे तेल को रिफाइन करके बनाया जाता है। हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई हैं। इंडिगो ने अपने बयान में बताया कि IATA के ‘जेट फ्यूल मॉनिटर’ के मुताबिक इस क्षेत्र में जेट फ्यूल की कीमतों में 85 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस तेजी से बढ़ती लागत का असर एयरलाइन कंपनियों के नेटवर्क और संचालन पर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है।
यात्रियों पर बढ़ेगा किराये का बोझ
विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर आने वाले समय में हवाई किरायों पर और भी देखने को मिल सकता है। फिलहाल अकासा एयर के इस फैसले से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट बुक करते समय पहले से अधिक खर्च करना पड़ सकता है।
