छात्र का पार्थिव शरीर आज तेलंगाना पहुंचेगा
अमेरिका में 23 वर्षीय एक भारतीय छात्र ने गलती से खुद को गोली मार ली। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, छात्र का नाम आर्यन रेड्डी है। वह तेलंगाना के उप्पल का रहने वाला था। वह जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहा था। आर्यन का पार्थिव शरीर आज रात तेलंगाना पहुंचने की संभावना है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेड्डी 13 नवंबर को जॉर्जिया के अटलांटा में अपने घर पर दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मना रहे थे। तभी हादसा हो गया। अधिकारियों ने बताया कि रेड्डी ने साफ करने के लिए अपनी नई बंदूक निकाली थी। इसी दौरान गलती से गोली निकल गई और उनके सीने में जा लगी।
गोली की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में मौजूद रेड्डी के दोस्त मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेड्डी को खून से लथपथ देखा। वे उसे पास के अस्पताल ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे थे आर्यन रेड्डी
रेड्डी ने अमेरिका में शिकार के लिए बंदूक का लाइसेंस हासिल कर लिया था। आर्यन के पिता सुदर्शन रेड्डी ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि अमेरिका में शिकार के लिए बंदूक का लाइसेंस मिल सकता है।
अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा भारतीय छात्र अमेरिका में पढ़ते हैं। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के अधिकतम छात्र वहां पढ़ते हैं। अमेरिका में पढ़ने के लिए विदेश से आने वाले छात्रों में 56 फीसदी भारतीय हैं। भारत से अमेरिका जाने वाले छात्रों में 34% तेलंगाना से और 22% आंध्र प्रदेश से हैं।
