इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से घर छोड़कर निकला 15 वर्षीय किशोर तीन दिन बाद उत्तराखंड के गुप्तकाशी में सुरक्षित मिल गया। किशोर धार्मिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है और वह संत प्रेमानंद महाराज से मिलने की इच्छा लेकर घर से निकला था.पुलिस ने उसकी गूगल सर्च हिस्ट्री और सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया और आखिरकार उसे उत्तराखंड में ढूंढ निकाला।
देहरादून जाने की सर्च से मिला सुराग
परिजनों के अनुसार किशोर तीन दिन पहले इंदौर से अचानक लापता हो गया था। उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। बाद में जांच के दौरान पुलिस को उसकी गूगल हिस्ट्री में देहरादून जाने से जुड़ी जानकारी मिली। इसके बाद इंदौर पुलिस ने उत्तराखंड पुलिस और रेलवे पुलिस को अलर्ट किया।
गुप्तकाशी में पुलिस को मिला किशोर
जांच के दौरान पता चला कि किशोर ट्रेन से उत्तराखंड पहुंच चुका था। बाद में गुप्तकाशी में पुलिस को वह अकेला घूमता मिला। यह इलाका रुद्रप्रयाग जिले में आता है। स्थानीय पुलिस ने उससे पूछताछ की और पहचान होने के बाद इंदौर पुलिस को सूचना दी.इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर किशोर को परिजनों और इंदौर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रेमानंद महाराज से मिलने की थी इच्छा
परिजनों के अनुसार किशोर संत प्रेमानंद महाराज के वीडियो और भजन अक्सर सुनता था। वह उनसे मिलने की इच्छा रखता था और इसी उद्देश्य से घर से निकल गया था.घर से निकलते समय उसने एक बैग साथ लिया था और अपनी मां से 500 रुपये भी लिए थे। उसने घर में छोड़े गए पत्र में इसका जिक्र भी किया था।
ऐसे मिला सुराग
किशोर के लापता होने की जानकारी परिजनों ने सोशल मीडिया पर भी साझा की थी। पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस और रेलवे पुलिस को भी अलर्ट किया था.आखिरकार पुलिस की सतर्कता और डिजिटल जांच के कारण किशोर को सुरक्षित खोज लिया गया।
