Budget Session second phase: बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होगा, और 2 अप्रैल तक चलेगा। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने अपने लोकसभा सांसदों को 9 से 11 मार्च तक सदन में रहने के लिए थ्री-लाइन व्हिप जारी किया है। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के रिमूवल के रिजॉल्यूशन पर सदन में चर्चा और वोटिंग हो सकती है।
संसद में हंगामा
संसद का बजट सत्र 28 जनवरी को राष्ट्रपति के संबोधन के साथ शुरू हुआ था जिसमें 2026-27 के बजट और राष्ट्रपति मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा हुई थी। सत्र के पहले हिस्से में भारत-अमेरिका डील और पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित आत्मकथा को लेकर संसद में तीखी राजनीतिक बहस भी देखने को मिली थी।

स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव
विपक्ष (कांग्रेस) ने स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव का नोटिस दिया है। विपक्ष के 118 सांसदों ने इस प्रस्ताव पर साइन किए हैं। हालांकि तृणमूल कांग्रेस के सांसदों (29) ने इस नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं किए। राहुल गांधी ने नरवणे की अप्रकाशित किताब के अंशों का जिक्र करने पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने कड़ा विरोध किया था। इसी मुद्दे को लेकर सदन में हंगामे के बाद 8 विपक्षी सांसदों को सत्र की बाकी अवधि के लिए निलंबित भी कर दिया गया था।

बिरला को अपना पक्ष रखने का अधिकार
नियमों के मुताबिक स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव लोकसभा में साधारण बहुमत से पारित होता है। मौजूदा लोकसभा में NDA के पास करीब 290 से अधिक सांसदों का समर्थन है, इसलिए प्रस्ताव पारित होना कठिन है। प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान स्पीकर स्वयं सदन की अध्यक्षता नहीं करेंगे, लेकिन उन्हें अपना पक्ष रखने और मतदान करने का पूरा अधिकार होगा।
Budget Session second phase: ‘PM के खिलाफ प्रस्ताव’
सूत्रों के मुताबिक, सरकार राहुल के खिलाफ सदन में उनकी स्पीच के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस नहीं लाएगी। इस पर प्रियंका गांधी ने कहा कि PM मोदीजी ने छाती 56 इंच की नपवाई थी। उनके खिलाफ भी प्रस्ताव आना चाहिए। हालांकि, BJP उनके (राहुल) भाषण से आपत्तिजनक हिस्से हटाने को लेकर अब भी अड़ी हुई है, क्योंकि उन्होंने अब तक अपने आरोपों को लेकर सबूत पेश नहीं किए हैं।
