नक्सलियों के शवों के साथ AK-47 और SLR बरामद

Naxalite encounter: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले की सीमा पर अबूझमाड़ के जंगल में पुलिस-नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें DRG जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हो गए। वहीं, जवानों ने 4 माओवादियों को भी मार गिराया है।
Naxalite encounter: मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर
शहीद जवान सन्नू कारम एक आत्मसमर्पित नक्सली थे। कुछ साल पहले ही उन्होंने नक्सलवाद छोड़ दिया था और पुलिस में भर्ती हुए थे, जहां उनकी पोस्टिंग दंतेवाड़ा में हुई थी। सर्चिंग के दौरान जवानों ने मौके से सभी नक्सलियों के शव और AK 47, SLR जैसे हथियार बरामद किए हैं। इसकी पुष्टि बस्तर IG सुंदरराज पी ने की है।
Naxalite encounter: ऑपरेशन पर निकले थे 1000 जवान
बताया जा रहा है कि, शनिवार देर रात 4 जिले के 1 हजार जवानों ने नक्सलियों के कोर इलाके को घेर लिया था। दोनों तरफ से रुक-रुककर गोलीबारी हुई। इस ऑपरेशन में दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव और बस्तर जिले की DRG और STF की टीम को भेजा गया था। नक्सलियों की लाश लेकर जवान लौट गए हैं।
Naxalite encounter: अब नक्सलियों का अंतिम समय-सीएम
मुठभेड़ में जवान शहीद और मारे गए नक्सलियों को लेकर CM साय ने कहा कि सुरक्षाबलों के साहस को नमन है। पिछले एक साल से नक्सलवाद के खिलाफ जवान मजबूती के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं। लड़ाई अब भी जारी है। हमारे एक जवान भी शहीद हुए हैं। निश्चित रूप से हम लोगों को सफलता मिलेगी। अब नक्सलियों का अंतिम समय आ रहा है।
Naxalite encounter: 2 दिन पहले 3 नक्सली ढेर
2 दिन पहले गरियाबंद जिले के नक्सल प्रभावित सोरनामाल जंगल में सुरक्षाबलों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया। DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और STF (स्पेशल टास्क फोर्स) की टीम ने नक्सलियों को घेरा था। ऑपरेशन में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के करीब 300 जवान शामिल थे।
