फ्लाइट-ट्रेनें लेट, राजस्थान के 12 जिलों के स्कूल रहेंगे बंद
उत्तर भारतीय राज्यों में कड़ाके की ठंड का असर जारी है। घने कोहरे का असर देश के 16 राज्यों में भी देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, जम्मू, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ जिलों में दृश्यता घटकर शून्य पर आ गई है। जिसकी वजह से कई उड़ानों में देरी हुई। ट्रेनें भी समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सकीं।
स्पाइसजेट के मुताबिक, मंगलवार को भी दिल्ली, श्रीनगर, वाराणसी, अमृतसर और जम्मू एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की उड़ानों में देरी हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में ठंड से पिछले 48 घंटों में 25 लोगों की मौत हो गई है। पिछले 24 घंटे में 10 लोगों की मौत हुई है। बिहार के कटिहार और पूर्णिया समेत 20 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है.
राजस्थान में भी अगले 3 दिनों तक सर्द हवाएं चलेंगी। प्रदेश के 6 जिलों में आज शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी भी घोषित कर दी गई है।

जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग में करीब 2 फीट बर्फबारी हुई। मुगल रोड, श्रीनगर-लेह रोड, सेमथान-किश्तवाड़ रोड और गुरेज हाईवे को बंद कर दिया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 10 जनवरी तक यहां बर्फबारी की संभावना नहीं है। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के साथ ही कई जिलों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

