अफ्रीका में सोने की खदानों में 2 महीने से फंसे 400 मजदूर
दक्षिण अफ्रीका में सोने की एक बंद खदान में 400 से अधिक श्रमिक फंसे हुए हैं। अल जज़ीरा की एक रिपोर्ट के अनुसार, इनमें से 100 से अधिक श्रमिकों की मृत्यु हो गई है। राहत और बचाव कार्य के लिए एक विशेष खनन बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक मजदूरों को भूख-प्यास की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी है। ये मजदूर पिछले कुछ महीनों से खदान में फंसे हुए थे। सोमवार को बचाव दल ने राजधानी जोहानिसबर्ग से 90 किलोमीटर दूर स्टिलफोंटेन के पास स्थित खदान से कई लोगों को बचाया था। नौ शव भी बरामद किए गए हैं।

खदान श्रमिकों से जुड़े सामाजिक संगठन माइनिंग इम्पैक्टेड कम्युनिटीज यूनाइटेड इन एक्शन (एमएसीयूए) के अनुसार, पुलिस ने पिछले साल अवैध खनन पर कार्रवाई शुरू की थी। इसके बाद से मजदूर खदान में फंसे हुए थे।
पुलिस ने खदान की रस्सियों को हटा दिया
पुलिस ने पिछले साल नवंबर में खदान को सील करने की कोशिश की थी। इसके लिए मजदूरों को बाहर आने को कहा गया। हालांकि गिरफ्तारी के डर से मजदूरों ने खदान से बाहर आने से इनकार कर दिया।
मकुआ के अनुसार, श्रमिकों के इनकार करने के बाद, पुलिस ने खदान में प्रवेश करने और बाहर निकलने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली रस्सियों और चरखी को हटा दिया। इसके बाद मजदूर खदान में फंस गए।
दक्षिण अफ्रीकी अखबार संडे टाइम्स के मुताबिक, रेस्क्यू टीम ने एक पिंजरा तैयार किया है जिसे खदान में 3 किमी नीचे उतारा जा रहा है। इस पिंजरे की मदद से पहले बाकी लोगों को निकाला जा रहा है।
