आज से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो चुकी है। सुबह से ही प्रदेश के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। अंबिकापुर के महामाया मंदिर में भक्त सुबह से पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। दंतेवाड़ा के दंतेश्वरी मंदिर और डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में भी तड़के से श्रद्धालुओं का आना जारी है।

बता दें की बस्तर के मां दंतेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर, बिलासपुर और रायपुर के महामाया मंदिर समेत प्रदेश के 10 प्रमुख मंदिरों में विशेष आरती के साथ मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार इस बार विदेशी और NRI श्रद्धालुओं ने भी ज्योति कलश जलवाने के लिए अग्रिम बुकिंग कराई। और प्रदेशभर में 1 लाख से अधिक ज्योति कलश जलाए जाने का अनुमान है।
डोंगरगढ़: बम्लेश्वरी मंदिर में तड़के से कतार

डोंगरगढ़ स्थित बम्लेश्वरी मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है। सुबह से ही माता के दोनों मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों की कतार लगी है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर मंदिर परिसर में कई इंतजाम किए हैं।
दंतेवाड़ा: दंतेश्वरी मंदिर में दूर-दराज से पहुंच रहे श्रद्धालु

बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के मंदिर में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।
दूर दराज से भक्त देवी के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। सुबह भीड़ थोड़ी कम थी लेकिन अब गर्भगृह से लेकर सिंह द्वार तक भक्तों की लंबी कतार लगती दिख रही है।
अंबिकापुर: महामाया मंदिर में जुटने लगी भीड़

अंबिकापुर के महामाया मंदिर में भक्त सुबह से पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। पूजा के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे है।
आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। दोपहर के वक्त यहां ज्योति प्रज्जवलित की जाएगी।
