एयरपोर्ट की बाउंड्री से टकराने के बाद धमाका
दक्षिण कोरिया के मुआन एयरपोर्ट पर रविवार को बैंकॉक से आ रहा जेजू एयर का एक विमान क्रैश हो गया। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक विमान में 181 लोग सवार थे। विमान में 175 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। अब तक 124 शव बरामद किए जा चुके हैं।
रेस्क्यू टीम ने जानकारी दी है कि दो लोगों को जिंदा बचा लिया गया है। शेष 55 यात्रियों में से कई के मारे जाने की आशंका है।यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह 5:37 बजे सुबह 9:07 बजे हुई। विमान को मुआन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरना था। वहीं, लैंडिंग गियर में खराबी आ गई। इस वजह से उसके पहिए खुले में नीचे नहीं आ पाए।
पहिए नहीं खुलने के कारण विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। इसमें प्लेन की बॉडी सीधे रनवे से टकराती है। इस दौरान विमान रनवे से फिसलकर एयरपोर्ट की चारदीवारी से टकरा गया। विमान के टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और वह आग के गोले में तब्दील हो गया।
हादसे के बाद एयरपोर्ट पर ऑपरेशंस को रोक दिया गया है। यहां सभी लोकल और इंटरनेशनल फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया है।
पहली बार नहीं उतर सका विमान
दुर्घटनाग्रस्त हुआ विमान अमेरिकी कंपनी बोइंग का 737-800 विमान था। विमान ने दो बार हवाई अड्डे पर उतरने की कोशिश की। पहले प्रयास में लैंडिंग गियर नहीं खुलने के कारण विमान नहीं उतर सका। इसके बाद विमान ने एयरपोर्ट का चक्कर लगाया।
दूसरी बार पायलट ने बिना लैंडिंग गियर के विमान को उतारा। कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दावा किया जा रहा है कि विमान के पंख से एक पक्षी टकरा गया। जिससे लैंडिंग गियर क्षतिग्रस्त हो गया और लैंडिंग के दौरान खोला नहीं जा सका।
