पंजाब में स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सियासी घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से जारी किया गया मुख्यमंत्री भगवंत मान का आपत्तिजनक AI वीडियो विवादों में घिर गया। विवाद बढ़ने के बाद पंजाब BJP ने इस 49 सेकेंड के वीडियो को सोशल मीडिया से हटा दिया है। वीडियो में एक स्कूल की कक्षा के भीतर मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक व्यक्ति के हाथों थप्पड़ खाते हुए दिखाया गया था।
वीडियो को स्कूलों में शिक्षा सामग्री में कथित गलतियों के मुद्दे से जोड़कर बनाया गया था। हालांकि, इसे लेकर BJP को ही चौतरफा आलोचना का सामना करना पड़ा। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इसे पगड़ीधारी सिख और पंजाब के मुख्यमंत्री का अपमान बताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
ऐसे शुरू हुआ था विवाद
पंजाब के सरकारी स्कूलों को लेकर पिछले कुछ दिनों से सियासी बयानबाजी तेज है। विपक्षी दल लगातार शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर AAP सरकार को घेर रहे हैं। इसी बीच BJP ने 29 अगस्त को सुबह 11 बजे AI की मदद से 49 सेकेंड का एक वीडियो जारी किया।
वीडियो की शुरुआत एक स्कूल की कक्षा से होती है। इसमें AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस क्लासरूम के बाहर खड़े दिखाई देते हैं। कक्षा के भीतर लगे एक पोस्टर पर ‘Vegetables’ की जगह ‘Vegitables’ और ‘Deer’ की जगह ‘Dear’ लिखा हुआ दिखाया गया है।
इसके बाद वीडियो में आवाज आती है कि यदि गलती केवल पोस्टर में होती तो उसे मिटाया जा सकता था, लेकिन वही गलती अगर किसी बच्चे के दिमाग में लिख दी जाए तो उसका नुकसान कौन मिटाएगा?
इसके बाद भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और हरजोत सिंह बैंस कक्षा में दाखिल होते दिखाई देते हैं। तभी एक व्यक्ति मुख्यमंत्री भगवंत मान को थप्पड़ मारता हुआ नजर आता है। वीडियो में वह व्यक्ति कहता है कि उसके बच्चे को गलत पढ़ाया जा रहा है और अगर बच्चा परीक्षा में वही गलत लिखेगा तो इसकी जिम्मेदारी बच्चे की होगी या सरकार की?
अंत में भगवंत मान, केजरीवाल और बैंस सिर झुकाए दिखाई देते हैं। वीडियो के आखिर में पंजाबी में संदेश दिया गया कि सवाल स्पेलिंग का नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य का है।
AAP ने दी थी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
वीडियो सामने आने के बाद AAP के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता नील गर्ग ने BJP पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को पंजाब के करीब तीन करोड़ लोगों ने चुना है और उनके खिलाफ इस तरह का वीडियो बनाना निंदनीय है।

AAP ने खास तौर पर पगड़ीधारी सिख मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारे जाने का दृश्य दिखाए जाने पर आपत्ति जताई थी। पार्टी का कहना था कि यह सिख समुदाय का भी अपमान है। नील गर्ग ने कहा था कि पार्टी इस मामले में कानूनी राय ले रही है और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विवाद बढ़ने और सोशल मीडिया पर आलोचना के बीच पंजाब BJP ने अब यह वीडियो हटा दिया है। हालांकि, वीडियो को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद पंजाब की सियासत में नया मुद्दा जरूर बन गया है।