वाराणसी एयरपोर्ट पर गुरुवार को मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को लेकर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फ्लाइट 6E 6544 के पायलट ने विमान उड़ाने से इनकार कर दिया। पायलट ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कही, जिसके बाद यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई। फ्लाइट की बोर्डिंग शुरू होने से पहले ही यात्रियों को पता चला कि निर्धारित पायलट विमान नहीं उड़ाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। यात्रियों का आरोप था कि एयरलाइन की ओर से उन्हें स्थिति के बारे में समय पर और स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
बोर्डिंग से पहले मिली जानकारी
यात्री सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद सिक्योरिटी होल्ड एरिया में बोर्डिंग का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें पायलट के फ्लाइट नहीं उड़ाने की जानकारी मिली। अचानक सामने आई इस स्थिति से यात्रियों में नाराजगी फैल गई। कई यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन से फ्लाइट के संचालन को लेकर स्पष्ट जानकारी मांगी। उनका कहना था कि उन्हें यह नहीं बताया जा रहा था कि विमान कब रवाना होगा।
यात्रियों ने किया हंगामा
फ्लाइट को लेकर स्थिति साफ नहीं होने पर यात्रियों का गुस्सा बढ़ता गया। उन्होंने टर्मिनल भवन में हंगामा शुरू कर दिया और एयरलाइन प्रबंधन पर जानकारी छिपाने का आरोप लगाया। यात्रियों का कहना था कि उन्हें जिस समय मुंबई के लिए रवाना होना था, उसी दौरान फ्लाइट के कैंसिल होने की जानकारी मिली। इसके बाद भी उड़ान को लेकर कोई स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई थी।
वैकल्पिक क्रू की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, संबंधित पायलट की निर्धारित ड्यूटी का समय भी पूरा हो चुका था। ऐसे में इंडिगो की ओर से वैकल्पिक क्रू की व्यवस्था शुरू की गई। एयरलाइन की कोशिश थी कि नए क्रू की मदद से विमान को वाराणसी से मुंबई के लिए रवाना किया जा सके। हालांकि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों में नाराजगी
पायलट की तबीयत खराब होने की जानकारी सामने आने के बाद यात्रियों की सबसे बड़ी शिकायत फ्लाइट के संचालन को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने की रही। यात्रियों ने एयरलाइन से समय पर अपडेट देने और उड़ान की स्थिति साफ करने की मांग की। फिलहाल वैकल्पिक क्रू की व्यवस्था के बाद फ्लाइट को रवाना करने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।