उत्तराखंड में पर्यटन को अब सिर्फ गर्मियों और चारधाम यात्रा तक सीमित रखने की तैयारी नहीं है। राज्य सरकार सर्दियों में भी ज्यादा पर्यटकों को पहाड़ों तक लाने के लिए विंटर टूरिज्म को बढ़ावा दे रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्टार क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा को उत्तराखंड आने का न्योता दिया है। मुख्यमंत्री ने दोनों को शीतकालीन चारधाम यात्रा के दौरान उत्तराखंड आने के लिए आमंत्रित किया है। सरकार को उम्मीद है कि विराट-अनुष्का जैसे लोकप्रिय चेहरे सर्दियों में उत्तराखंड आते हैं, तो इससे राज्य के विंटर टूरिज्म को देशभर में बड़ा प्रमोशन मिल सकता है।
स्टार कपल का असर
विराट-अनुष्का की लोकप्रियता को देखते हुए उनके उत्तराखंड दौरे से युवाओं में पहाड़ों की बर्फ, शीतकालीन चारधाम और एडवेंचर टूरिज्म को लेकर दिलचस्पी बढ़ सकती है। सरकार चाहती है कि लोग सिर्फ गर्मियों या चारधाम यात्रा के दौरान ही नहीं, बल्कि सर्दियों में भी उत्तराखंड घूमने आएं। इससे होटल, होमस्टे, टैक्सी, गाइड और स्थानीय कारोबार से जुड़े लोगों को पूरे साल फायदा मिलेगा। विंटर टूरिज्म को सिर्फ धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। सर्दियों में पर्यटकों के लिए स्कीइंग, स्नो ट्रेकिंग, माउंटेन बाइकिंग, कैंपिंग और जंगल सफारी जैसे विकल्प भी तैयार किए जा रहे हैं।
365 दिन टूरिज्म
सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड में पर्यटन को 365 दिन बढ़ावा देना है। अभी पर्यटन का बड़ा हिस्सा चारधाम यात्रा और गर्मियों के मौसम पर निर्भर रहता है। इसके लिए एडवेंचर टूरिज्म और साइकिलिंग जैसे आयोजनों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
700 KM साइकिलिंग
14 से 20 अक्टूबर तक उत्तराखंड में करीब 700 किलोमीटर का साइकिल अभियान आयोजित होगा। यह यात्रा नैनीताल-मुक्तेश्वर से शुरू होकर बागेश्वर, कर्णप्रयाग, गुप्तकाशी और टिहरी होते हुए मसूरी में खत्म होगी। अभियान में 60 से ज्यादा विदेशी और पेशेवर साइकिल सवारों के शामिल होने की उम्मीद है। अनुष्का शर्मा का उत्तराखंड से पुराना पारिवारिक रिश्ता है। उनके परिवार की जड़ें गढ़वाल क्षेत्र से जुड़ी हैं और उनका बचपन देहरादून में बीता है।
2023 में ऋषिकेश
जनवरी 2023 में विराट और अनुष्का ऋषिकेश पहुंचे थे। दोनों ने स्वामी दयानंद सरस्वती आश्रम में पूजा-अर्चना और ध्यान किया था। यह दौरा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले हुआ था।
शादी से पहले भी दौरा
दिसंबर 2016 में शादी से पहले भी विराट और अनुष्का उत्तराखंड आए थे। दोनों नरेंद्रनगर स्थित आनंदा इन द हिमालयाज में ठहरे थे और हरिद्वार के अनंत धाम आश्रम भी पहुंचे थे। अब मुख्यमंत्री धामी के न्योते के बाद दोनों के संभावित दौरे पर नजरें हैं। अगर विराट-अनुष्का सर्दियों में उत्तराखंड पहुंचते हैं, तो यह राज्य के Winter Tourism Campaign के लिए बड़ा प्रमोशनल Boost साबित हो सकता है।