स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तराखंड के लिए गौरव बढ़ाने वाली बड़ी उपलब्धि सामने आई। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी के अभियान दल ने माउंट कुन (7,077 मीटर) की चोटी पर सफलतापूर्वक आरोहण किया। अभियान दल ने 15 अगस्त को सुबह 11 बजे शिखर पर पहुंचकर देश और राज्य का नाम रोशन किया।
अनुशासन का परिचय
उच्च हिमालय की कठिन परिस्थितियों के बीच अभियान दल ने साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, तकनीकी दक्षता और अनुशासन का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की। माउंट कुन, नून-कुन पर्वत श्रृंखला की प्रमुख चोटियों में शामिल है और इसका आरोहण पर्वतारोहियों के लिए चुनौतीपूर्ण माना जाता है। माउंट कुन का सफल आरोहण करने वाले दल में सेना के जवानों के साथ NIM से जुड़े सदस्य और गाइड शामिल रहे।
उपलब्धि के लिए बधाई
माउंट कुन का सफल आरोहण नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के लिए अहम उपलब्धि है। यह संस्थान की पर्वतारोहण, साहसिक प्रशिक्षण और हिमालयी अन्वेषण के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता को दर्शाता है। उच्च हिमालयी इलाकों की विषम परिस्थितियों में अभियान दल ने सामूहिक प्रयास, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य हासिल किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिली इस सफलता ने उपलब्धि को और खास बना दिया है। NIM, उत्तरकाशी ने सभी सफल आरोहकों और पूरे अभियान दल को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी।