उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बड़ा ऐलान करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा कर सकते हैं। प्रस्तावित फैसले के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 4 हजार रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में 2 हजार रुपये की बढ़ोतरी किए जाने की बात सामने आई है।
3.28 लाख से ज्यादा परिवारों को फायदा
सरकार के इस फैसले का सीधा असर प्रदेश में काम कर रहे करीब 3.28 लाख से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के परिवारों पर पड़ेगा। प्रदेश में लगभग 1.89 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 1.39 लाख सहायिकाएं कार्यरत हैं। मानदेय में बढ़ोतरी से इन कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। चुनाव से पहले सरकार के इस संभावित फैसले को महिला कर्मचारियों को साधने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
71 हजार से ज्यादा नई नियुक्तियां
महिला एवं बाल कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य के मुताबिक प्रदेश में 71,310 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भर्ती की गई है। इनमें 21,804 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 49,506 सहायिकाएं शामिल हैं। अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे जाएंगे।
अयोध्या में जुटेंगी हजारों महिलाएं
मुख्य कार्यक्रम अयोध्या के जीआईसी मैदान में आयोजित किया जाएगा। यहां करीब 12 से 15 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के पहुंचने की उम्मीद है। राशन वितरण से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके साथ ही प्रदेश के कई जिलों में समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है।
तीन घंटे अयोध्या में रहेंगे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को करीब तीन घंटे अयोध्या में रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 2:50 बजे जीआईसी मैदान पहुंचेंगे। यहां नियुक्ति पत्र वितरण और सम्मान समारोह के साथ मानदेय बढ़ोतरी का ऐलान कर सकते हैं। शाम करीब 4 बजे वह रामकथा पार्क हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। इसके बाद हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन व आरती करेंगे। शाम 5 बजे मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना होंगे।