उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के बहलीमपुरा गांव में एक महिला पर अपने पति की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने कथित तौर पर गमछे से पति का गला घोंटा।
वारदात के बाद वह अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गई थी, लेकिन रिश्तेदारों को शक होने पर मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
रिश्तेदारों ने गले पर देखे संदिग्ध निशान
घटना के समय दंपति की आठ वर्षीय बेटी भी घर में मौजूद थी। पुलिस के अनुसार, पति कृष्ण कुमार की मौत के बाद आरोपी पत्नी प्रीति रिश्तेदारों के पहुंचने से पहले ही अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगी।
हालांकि, जब रिश्तेदार घर पहुंचे तो उन्होंने कृष्ण कुमार के गले पर कुछ संदिग्ध निशान देखे। उन्हें मामले पर संदेह हुआ और उन्होंने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
अवैध संबंध और मारपीट को लेकर विवाद का दावा
मृतक की मां अंगूरी देवी और उसकी बहन ने आरोप लगाया कि प्रीति के किसी अन्य व्यक्ति से कथित तौर पर अवैध संबंध थे और वह उससे लगातार फोन पर बातचीत करती थी। परिवार के मुताबिक, कृष्ण कुमार इसका विरोध करता था।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रीति कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ जाने और संपत्ति बेचने की योजना बना रही थी। परिवार में तीन बीघा जमीन, मकान और करीब 35 लाख रुपये के एक प्लॉट को लेकर भी विवाद चलने की बात सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
पूछताछ में महिला ने क्या बताया?
सीओ सिटी प्रखर पांडेय के अनुसार, पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीकर आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर उसने कथित तौर पर गमछे से उसका गला घोंट दिया।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए गमछे को बरामद कर लिया है। घटना से जुड़ा मारपीट का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। पुलिस अवैध संबंधों समेत मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
आरोपी पत्नी जेल भेजी गई

पुलिस ने आरोपी प्रीति को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह, संपत्ति विवाद और कथित अवैध संबंधों से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।