रक्खड़ पुन्या के मौके पर पंजाब की महिलाओं के लिए आज का दिन खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान बाबा बकाला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में महिलाओं को बड़ी सौगात देंगे। इस दौरान वह प्रदेश में लागू ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत सम्मान राशि की तीसरी किस्त जारी करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ पंजाब सरकार के कई कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
सरकार की इस योजना को लेकर महिलाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक प्रदेश की 76 लाख 5 हजार महिलाएं योजना के तहत अपना पंजीकरण करा चुकी हैं। सरकार का दावा है कि योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
65.62 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची राशि
पंजाब सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 65 लाख 62 हजार महिलाओं के बैंक खातों में कुल 2,274 करोड़ 42 लाख रुपये की सम्मान राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
योजना के तहत अलग-अलग वर्गों की महिलाओं के लिए मासिक सहायता राशि निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह की सम्मान राशि दी जा रही है।
सरकार के मुताबिक, इस आर्थिक सहायता का उद्देश्य महिलाओं को रोजमर्रा की जरूरतों और छोटे-बड़े खर्चों के लिए किसी पर निर्भर रहने के बजाय उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

छोटे-बड़े खर्चों के लिए आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश
‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ को पंजाब सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से जोड़कर देख रही है। सरकार का कहना है कि नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं को घरेलू जरूरतों और व्यक्तिगत खर्चों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
रक्खड़ पुन्या के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान योजना की प्रगति और सरकार की उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा महिलाओं से जुड़ी भविष्य की योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर भी घोषणाएं संभव हैं।
बाबा बकाला में जुटेंगे बड़ी संख्या में लोग
राज्य स्तरीय समारोह को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। खास तौर पर महिलाओं के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसी मंच से उनके खातों में योजना की तीसरी किस्त की राशि जारी की जाएगी।
रक्खड़ पुन्या के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के बीच सरकार की इस पहल को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यक्रम और उनके संबोधन पर टिकी हैं।