पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव एक बार फिर तेज हो गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले को काला झंडा दिखाने वाले युवक मोहंाजीत सिंह सिद्धू के साथ कथित हिरासत में मारपीट और प्रताड़ना को लेकर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सरकार पर तीखा हमला बोला है।
वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की तुलना अफगान शासक अहमद शाह अब्दाली से करते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे मान को विश्वास हो गया है कि वह हमेशा सत्ता में रहने वाले हैं।
काला झंडा दिखाने के बाद हिरासत में लेने का आरोप
मामला उस समय सामने आया जब मोहांजीत सिंह सिद्धू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले को काला झंडा दिखाकर पंजाब सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कांग्रेस का आरोप है कि इसके बाद युवक को हिरासत में लिया गया और पुलिस कस्टडी में उसके साथ कथित तौर पर बर्बरता की गई।
राजा वड़िंग ने दावा किया कि हिरासत के दौरान मोहांजीत को कथित रूप से बिजली के झटके दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि युवक ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने उसे जबरन नशीला पदार्थ दिया और इसके बाद उसका डोप टेस्ट कराया गया, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पंजाब पुलिस ने कथित नशा सेवन को लेकर मोहांजीत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वड़िंग ने इस एफआईआर को ‘फर्जी’ करार दिया है।
NHRC से जांच की मांग
राजा वड़िंग ने मामले को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने आयोग के अध्यक्ष को पत्र लिखकर कथित हिरासत में प्रताड़ना की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।
वड़िंग ने कहा कि यदि पुलिसकर्मी युवक को प्रताड़ित करने और कथित रूप से फर्जी एफआईआर दर्ज कराने के लिए जिम्मेदार पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इस घटना को भगवंत मान के नेतृत्व वाली AAP सरकार में पुलिस की कथित ‘बर्बरता’ और ‘दमन’ का उदाहरण बताया।
कांग्रेस ने 8 सितंबर को बड़े प्रदर्शन का किया ऐलान
लुधियाना से कांग्रेस सांसद राजा वड़िंग ने कहा कि पार्टी मोहांजीत सिंह के साथ मजबूती से खड़ी है। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी मोहांजीत से मुलाकात की है, जबकि वड़िंग ने स्वयं उससे मिलने की बात कही।
वहीं, पंजाब कांग्रेस ने AAP सरकार के खिलाफ 8 सितंबर को बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। वड़िंग ने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि स्थिति अब हद से आगे बढ़ चुकी है।
राहुल गांधी के पंजाब दौरे पर भी बोले वड़िंग
राजा वड़िंग से जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि दौरे की तारीखों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तारीख तय होते ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी।
इस पूरे विवाद ने पंजाब में AAP और कांग्रेस के बीच राजनीतिक तनातनी को और बढ़ा दिया है। अब नजर इस बात पर है कि कथित हिरासत में प्रताड़ना के आरोपों पर NHRC और पंजाब पुलिस की ओर से आगे क्या कार्रवाई होती है।