बिहार की राजधानी पटना में रामलीला और रावण वध के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल मार्च तक मरीन ड्राइव के पास तीन बड़े मैदान तैयार किए जाएंगे, जिनमें से एक को रामलीला मैदान के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शनिवार को गांधी मैदान में आयोजित श्रीकृष्ण महोत्सव 4.0-2026 ‘कान्हा के रंग, उत्सव के संग’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसी दौरान उन्होंने रामलीला और रावण वध के आयोजन को नए मैदान में स्थानांतरित करने की घोषणा की।
पटना के लिए खुशखबरी।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) September 5, 2026
पटना में मरीन ड्राइव के समीप बनेगा रामलीला मैदान।
गांधी मैदान से नए मैदान में शिफ्ट होगा आयोजन
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि दशहरा कमिटी ट्रस्ट वर्ष 1955 से गांधी मैदान में रामलीला और रावण वध का आयोजन कर रहा है। समिति की ओर से लंबे समय से इन आयोजनों के लिए अलग मैदान उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संबंध में पटना के जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। नए मैदान का मार्च के बाद हैंडओवर होते ही इसे दशहरा कमिटी ट्रस्ट को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद रामलीला और रावण वध का आयोजन नए मैदान में किया जाएगा।
बाढ़ की स्थिति पर भी बोले CM
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार में बाढ़ की स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस समय गंगा का जलस्तर पिछले 10 वर्षों की तुलना में काफी अधिक है। गंगा बेसिन वाले जिलों में अधिकारियों और मंत्रियों को तैनात किया गया है और सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। सीएम ने बताया कि सोन और गंडक नदियों से भी बड़ी मात्रा में पानी आ रहा है। नेपाल की तराई से आने वाले पानी के कारण हर साल बिहार के कई इलाकों में परेशानी होती है। सरकार कोसी, गंडक और गंगा बेसिन को व्यवस्थित करने के लिए व्यापक योजना पर काम कर रही है।
श्रीकृष्ण के संदेश को किया याद
मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अन्याय के खिलाफ खड़े होने और सत्य की विजय का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गीता के माध्यम से श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्तव्य और धर्म का बोध कराया और आज भी उनके विचार समाज को सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में दही-हांडी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत कई मंत्री, विधायक और अधिकारी मौजूद रहे।