मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार, 27 अगस्त को जबलपुर दौरे पर रहेंगे। वे शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में आयोजित होने वाले भव्य ‘माय भारत युवा कनेक्ट-खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी युवाओं से करेंगे सीधा संवाद
कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर की करीब 1600 संस्थाओं से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे। जबलपुर के शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में मौजूद युवा प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन को लाइव सुन सकेंगे। यह आयोजन देश के युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल के क्षेत्र में भारत की बढ़ती संभावनाओं से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खेलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
‘माय भारत युवा कनेक्ट-खेलो इंडिया संवाद’ का मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश में खेलों के क्षेत्र में हुए विकास, आधुनिक खेल अधोसंरचना और भारत के उभरते खेल पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी देना है। आयोजन के जरिए युवाओं को खेलों में करियर की संभावनाओं, नई सुविधाओं और देश में तैयार हो रहे खेल के बेहतर माहौल के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
युवा ऊर्जा को मिलेगी नई दिशा
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का संदेश देगा। सरकार का उद्देश्य युवा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर खेलों में भारत की भागीदारी और उपलब्धियों को और मजबूत करना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जबलपुर में मौजूदगी के बीच आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को युवाओं और खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण अवसर के तौर पर देखा जा रहा है।