मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 से 9 सितंबर 2026 तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई प्रवास पर रहेंगे। ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश–दुबई 2026’ के तहत मुख्यमंत्री UAE के प्रमुख निवेशकों, उद्योग समूहों और वैश्विक कारोबारी नेतृत्व के साथ सीधे संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री के दुबई दौरे का एक प्रमुख आकर्षण AIM Congress 2026 में मध्यप्रदेश की भागीदारी होगी। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश संभावनाओं, पर्यटन और कारोबारी अवसरों को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न देशों के नीति-निर्माताओं और UAE के शीर्ष कारोबारी नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय बैठकें भी होंगी।
मध्यप्रदेश की वैश्विक निवेश संभावनाओं को मिलेगा नया आयाम... pic.twitter.com/7zWjPuO2eS
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 6, 2026
वन-टू-वन बैठकों से लेकर हाई-लेवल मीटिंग्स तक
तीन दिवसीय निवेश-केंद्रित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इसके साथ ही AIM Congress में मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन, Invest in Madhya Pradesh–India Investment Session, शारजाह के उद्योग प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल बैठक और दुबई के प्रमुख कारोबारी समूहों के साथ संवाद जैसे कार्यक्रम होंगे। मध्यप्रदेश सरकार का फोकस प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों, कुशल मानव संसाधन और निवेश-अनुकूल नीतियों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखने पर रहेगा।
6 सितंबर: प्रवासी भारतीयों से संवाद और वैश्विक कारोबारी समुदाय से संपर्क
दुबई पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रवासी भारतीय समुदाय द्वारा स्वागत किया जाएगा। इसके बाद ODOP यानी एक जिला-एक उत्पाद स्टॉल का उद्घाटन किया जाएगा। इस स्टॉल में मध्यप्रदेश के स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिनमें बेल मेटल, चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक, जरी-जरदोजी और ग्वालियर कारपेट प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री UAE में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और दुबई के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों और निवेश से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और उन्हें Invest Madhya Pradesh Global Investors Summit 2027 के लिए आमंत्रित करेंगे। दिन के दौरान मुख्यमंत्री मीडिया से संवाद करने के साथ AIM Congress 2026 के आमंत्रण-आधारित ‘Tykons’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में करीब 500 संप्रभु संपदा कोष, फैमिली ऑफिस और प्रमुख कॉरपोरेट संस्थानों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
7 सितंबर: AIM Congress में दुनिया के सामने MP की निवेश क्षमता
दौरे के दूसरे दिन AIM Congress 2026 मुख्य केंद्र में रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। यहां प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसरों और प्रमुख सेक्टरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री संघीय सर्वोच्च परिषद के सदस्य एवं रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से शिष्टाचार भेंट करेंगे और उन्हें Global Investors Summit 2027 के लिए आमंत्रित करेंगे। इसके बाद AIM Congress के उद्घाटन समारोह में राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों की मौजूदगी में आयोजित Leaders Session को मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री तातारस्तान गणराज्य के गवर्नर के साथ बैठक भी करेंगे। वहीं Invest in Madhya Pradesh – India Investment Session में मध्यप्रदेश की निवेश संभावनाओं और राज्य की नीतिगत तैयारियों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखा जाएगा। दूसरे दिन UAE के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री और विदेश व्यापार राज्य मंत्री एवं AIM Congress के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी के साथ उच्चस्तरीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं। इसके अलावा Lulu Group International के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक यूसुफ़ अली एम.ए. के साथ बैठक भी दौरे के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल रहेगी। दिन का समापन दुबई के कारोबारी और निवेश समुदाय के साथ संवाद से होगा।
8 सितंबर: UAE के दिग्गज उद्योग समूहों से सीधा संवाद
दौरे के तीसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव UAE के प्रमुख निवेशकों और उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इन बैठकों में Rana Holdings, GEMS Education, Crescent Group, PureHealth, Sharaf Group, Choithrams, DP World, Bhumark Corporation, West Zone, KGK Group, Vistas Media Capital और VFS Global जैसे प्रमुख कारोबारी समूहों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके बाद शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस के साथ बैठक होगी। शारजाह चैंबर और IBPC Sharjah के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल बैठक में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी और उन्हें Global Investors Summit 2027 के लिए आमंत्रित किया जाएगा। मुख्यमंत्री बीआह समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ भी बैठक करेंगे। इसके बाद दुबई के प्रमुख कारोबारी समूह Emaar के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसमें रियल एस्टेट, शहरी विकास और इससे जुड़े क्षेत्रों में निवेश एवं सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
निवेश अवसरों पर विशेष संवाद
तीसरे दिन शाम को ‘Invest Madhya Pradesh: Investment Opportunities’ विषय पर विशेष संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें UAE के व्यवसाय एवं परोपकार के लिए विशेष दूत बद्र जाफ़र विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस सत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक और पर्यटन क्षमता को निवेशकों के सामने रखा जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों और निवेशकों को प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों से सीधे रूबरू कराएंगे।
9 सितंबर को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे CM
तीन दिवसीय निवेश-केंद्रित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 सितंबर को दुबई से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। मध्यप्रदेश सरकार का लक्ष्य सिर्फ वैश्विक निवेशकों से संवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इस संवाद को ठोस निवेश प्रस्तावों, कारोबारी साझेदारियों और दीर्घकालिक सहयोग में बदलना है। मुख्यमंत्री का यह दुबई दौरा मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत के सामने एक मजबूत निवेश गंतव्य के तौर पर पेश करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।