हाजीपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को बाढ़ प्रभावित वैशाली और सारण जिलों के दौरे पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने हाजीपुर में गंगा ब्रिज थाना के पास संचालित राहत शिविर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने शिविर में बाढ़ पीड़ितों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों से राहत व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
सामुदायिक किचन में व्यवस्थाएं देखीं
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए संचालित सामुदायिक किचन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां भोजन की गुणवत्ता और उपलब्धता की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों को भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से मिले
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद बच्चों से मुलाकात की और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। बाढ़ के कारण प्रभावित बच्चों और परिवारों की जरूरतों को लेकर अधिकारियों से भी जानकारी ली गई।
मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ के दौरान डूबने से जान गंवाने वाले करीब आधा दर्जन लोगों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए। इसके साथ ही अन्य बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री भी बांटी गई। सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया गया।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, लालगंज विधायक संजय सिंह, वैशाली विधायक सिद्धार्थ पटेल, जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जिले में बाढ़ की मौजूदा स्थिति और राहत कार्यों की जानकारी दी।
17-18 सेंटीमीटर घटा गंगा का जलस्तर
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गंगा का जलस्तर करीब 17 से 18 सेंटीमीटर नीचे गया है। उन्होंने कहा कि फरक्का से प्रतिदिन करीब 15 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है और अधिकारी लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
दो-तीन दिन में राहत मिलने की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ एक आपदा है और ऐसी स्थिति में थोड़ी परेशानी स्वाभाविक है, लेकिन हालात नियंत्रण में हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो-तीन दिनों में लोगों को राहत मिलने लगेगी। सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों तक भोजन, राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं पहुंचाना है।