मध्य प्रदेश के देवास जिले में 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। हरणगांव थाना क्षेत्र के खिवनी गांव में सोमवार को सुनीता का शव गांव के पास बने तालाब से बरामद हुआ। शव से करीब 20-20 किलो वजनी दो पत्थर बंधे होने की बात सामने आई है।
परिजनों ने उसके बाल जले होने का भी दावा किया है। मृतका के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
6 दिन से लापता थी सुनीता
मृतका के पिता श्यामसिंह बारेला, निवासी चंदपुरा, के मुताबिक सुनीता करीब छह दिन से लापता थी। उन्होंने बताया कि घटना से पहले सुनीता के पति जबर सिंह बारेला का फोन आया था। फोन पर जबर सिंह ने कहा था कि सुनीता वहां से भागकर जा रही है। इस पर श्यामसिंह ने सुबह आकर बात करने की बात कही।
पिता के अनुसार, करीब आधे घंटे बाद जबर सिंह ने दोबारा फोन किया और बताया कि सुनीता भाग गई है। इसके बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
तालाब में मिला शव, बंधे थे भारी पत्थर
सोमवार सुबह गांव के पास स्थित तालाब में सुनीता का शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि शव जिस स्थिति में मिला और उससे भारी पत्थर बंधे होने की बात सामने आई, उससे उन्हें हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने का संदेह है।

परिजनों ने यह भी दावा किया कि सुनीता के बाल जले हुए थे। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का खुलासा पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
5 महीने पहले की थी लव मैरिज
परिजनों के अनुसार, सुनीता और जबर सिंह बारेला ने करीब पांच महीने पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ ही महीनों बाद उसके लापता होने और अब तालाब से शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
‘प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा’
हरणगांव थाना प्रभारी अभिषेक सेंगर ने बताया कि गांव के पास वन विभाग द्वारा बनाए गए छोटे तालाब में सुनीता का शव मिला है। शव से पत्थर बंधे हुए थे। तालाब में पानी कम होने के बाद हाथ-पैर दिखाई देने पर शव के बारे में जानकारी मिली।

थाना प्रभारी के मुताबिक, शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से दो दिन पहले छतरपुर के लवकुशनगर में भी एक युवती से जुड़े प्रेम प्रसंग में दो मासूम भाइयों की हत्या का मामला सामने आया था। दोनों बच्चों के शव एक कुएं में मिले थे।